उत्तराखंड में चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक उलटफेर! BJP और कांग्रेस को छोड़कर 124 नेता सपा में शामिल!
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही तराई और कुमाऊं के सियासी मैदान में राजनीतिक दलों की हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी ने हल्द्वानी में अपनी जड़ों को मजबूत करते हुए विरोधी खेमों में सेंध लगाई है। रविवार को नगर के आज़ाद नगर स्थित सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित एक बड़े सदस्यता समारोह के दौरान कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और अन्य दलों से जुड़े 124 नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक साथ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। पूर्व पार्षद महबूब आलम के नेतृत्व में पार्टी में शामिल हुए इन सभी नए सदस्यों का सपा पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
पार्टी का झंडा थामने वाले प्रमुख चेहरों में अब्दुल रऊफ, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद सुल्तान, रईस मियां, मोहम्मद रफी, आरिफ खान, आकीब मिकरानी और हम्माद मिकरानी समेत क्षेत्र के कई सक्रिय सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल रहे। स्थानीय स्तर पर इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पाला बदलने को आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से सपा के लिए एक मजबूत मनोवैज्ञानिक बढ़त माना जा रहा है।
इस मौके पर नए सदस्यों को संबोधित करते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने सत्तारूढ़ दल पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादों की नाकामी से आम जनता का पूरी तरह मोहभंग हो चुका है और लोग अब एक मजबूत, भरोसेमंद विकल्प की तलाश में हैं। सिद्दीकी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की समावेशी विचारधारा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश में लागू किए गए विकास मॉडल व जनकल्याणकारी घोषणापत्र से प्रभावित होकर उत्तराखंड के लोग तेजी से सपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि आगामी चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने सपा को सरकार में भागीदारी का मौका दिया, तो उत्तर प्रदेश की तर्ज पर राज्य में युवाओं, किसानों और वंचितों के लिए व्यापक जनहितैषी नीतियां लागू की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों पर भी मंथन किया गया। इस सदस्यता ग्रहण समारोह में मुख्य रूप से जावेद सिद्दीकी, दीपक अग्रवाल, उमैर मतीन, अरशद अय्यूब, गौरव गुप्ता, जुबैर खान, राजू सिद्दीकी, संजय कुमार, इमरान मिकरानी, मोहम्मद इकबाल, फैजान अंसारी, फरहत सिद्दीकी, नईम सैफी और अशरफ खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।