रेलवे स्टेशन पर अचानक युवक की बेरहमी से पिटाई! वजह जानकर उड़ जाएंगे होश

रेलवे स्टेशन पर अचानक युवक की बेरहमी से पिटाई! वजह जानकर उड़ जाएंगे होश

राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित बयाना जंक्शन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक व्यक्ति ने युवक को पकड़कर सरेआम पीटना शुरू कर दिया। बुधवार शाम की बताई जा रही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तुरंत हरकत में आ गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीड़ित युवक पर प्लेटफॉर्म पर मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। उसी दौरान स्टेशन पर अपनी पत्नी के साथ खड़े एक यात्री की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद आक्रोशित होकर उसने युवक को दबोच लिया और उसकी धुनाई कर दी। पिटाई करने के बाद वह यात्री ट्रेन में बैठकर रवाना हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे वाकये को कैमरे में कैद कर लिया। हालांकि, मारपीट के पीछे बताए जा रहे छेड़छाड़ के आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ चौकी प्रभारी तुलसीराम ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आते ही जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक पड़ताल के अनुसार फुटेज बुधवार शाम का है। फिलहाल वीडियो में दिख रहे दोनों व्यक्तियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आरपीएफ फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों की पहचान करने में जुटी है, ताकि वास्तविक घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।