img

वासुदेव यादव

अयोध्या-फैजाबाद ।। यूपी में पहली बार आदर्श आचार संहिता लगने के बाद भी महत्तवपूर्ण विधान सभा अयोध्या (राम लला की नगरी) से अभी तक किसी पार्टी का पूर्व घोषित उम्मीदवार चुनावी मैदान में ही नहीं है।

अयोध्या से अभी तक संभावित प्रत्याशी और प्रभारी ही स्वयं चुनाव में दौड़ भाग कर रहे है। उनको अब तक पार्टी की ओर से लिखित व विधिक प्रत्याशी ही घोषित नहीं किया गया है।

अयोध्या से सपा के तेज नारायण पाण्डेय पवन विधायक रहे हैं, लेकिन अभी तक उनको पार्टी में कलह के कारण प्रत्याशी नहीं घोषित किया, जबकि उनके ममेरे भाई आशीष पाण्डेय उर्फ दीपू को प्रत्याशी बनाया गया था। बहरहाल अभी तक बीजेपी ने अपना पत्ता ही नहीं खोला है। बीजेपी से सांसद लल्लू सिंह के करीबी को टिकट मिलना तय है। इनमें ऋषिकेष उपाध्याय, कमलेश श्रीवास्तव, वेद गुप्त, विजय गुप्त, विनोद वैश्य, अमीरचंद व अभय प्रताप सिंह आदि का नाम चर्चा में है। जबकि बसपा पहले ही बज्मी सिद्धिकी को प्रभारी बना चुकी है। चर्चा है कि कांग्रेस महंत गिरीशपति त्रिपाठी प्रत्याशी हो सकते हैं। जबकि भाकपा से सूर्यकांत पाण्डेय का नाम सामने आ रहा है। इसके अलावा अन्य निर्दल में सपा नेता बंशीलाल यादव, व्यापारी नेता सुशील जायसवाल जैसे आदि लोगों का नाम आजकल खूब चर्चाओं में है, लेकिन अभी तक अयोध्या विधान सभा से किसी भी पार्टी प्रमुखों ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणाएं नहीं की है, अब जल्द ही इनके नामों का एलान किया जा सकता है।

फोटोः फाइल।

--Advertisement--