img

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू पर टिपण्णी किये जाने पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा कि गहरी असुरक्षाओं और हीनभावना से ग्रस्त होने के चलते पीएम मोदी नेहरू पर क्रूरतापूर्ण हमला करते हैं। प्रधानमंत्री कल लोकसभा में बिल्कुल बेतुकी और बकवास बातें करते रहे। सदन में उनका यह सबसे निम्न स्तर था।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री लोकसभा में बिल्कुल बेतुकी और बकवास बातें करते रहे। सदन में उनका यह सबसे निम्न स्तर था। राज्यसभा में भी वह निस्संदेह इसे दोहराएंगे। जयराम रमेश ने कहा कि वह गहरी असुरक्षाओं और हीनभावना से ग्रस्त हैं। इसलिए वह नेहरू पर सिर्फ राजनीतिक ही नहीं बल्कि बेहद घटिया ढंग से व्यक्तिगत हमले भी करते हैं।

जयराम रमेश ने कहा कि वाजपेयी और आडवाणी ने कभी ऐसा नहीं किया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी, जिन्हें लगता है कि वह बहुत चालाक हैं। दरअसल ऐसा करके वह जिस पद पर हैं, उसका अपमान करते हैं। अहंकार की पराकाष्ठा और नेहरू का डर एक खतरनाक मिश्रण है जो लोकतंत्र की हत्या का कारण बन रहा है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भारत के लोगों और विशेष रूप से युवाओं ने निर्णय लिया है कि प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी जी का लोकसभा में अंतिम भाषण होगा। पिछले दस साल का अन्याय काल जल्द ही समाप्त होगा।

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने सोमवार को लोकसभा में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने नेहरू के 15 अगस्त 1959 को लाल किले से दिए भाषण का जिक्र करते हुए कहा था कि कांग्रेस ने कभी भी देश के सामर्थ्य पर भरोसा नहीं जताया। नेहरू ने भारतीयों को नीचा दिखाया था और कहा था कि भारतीय कम काम करते हैं। 

--Advertisement--