भारत से 2-0 से पिछड़ रही न्यूजीलैंड को दोहरा झटका, दो दिग्गज खिलाड़ी ODI सीरीज से बाहर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की रोमांचक एकदिवसीय सीरीज के बीच मेहमान कीवी टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर टीम इंडिया पहले ही सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना चुकी है। इस दबाव के बीच न्यूजीलैंड के खेमे से बुरी खबर सामने आई है। टीम के दो प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और ब्लेयर टिकनर चोटों के चलते आगामी मैचों से बाहर हो गए हैं। सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे के पहले ही बाहर होने के बाद इन दो तेज गेंदबाजों के बाहर बैठने से कीवी गेंदबाजी आक्रमण की धार काफी कुंद पड़ गई है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने सोमवार को आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि रफ्तार के सौदागर लॉकी फर्ग्यूसन हालिया टी20 सीरीज के दौरान लगी काफ इंजरी (पिंडली की चोट) से अभी तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिस कारण वे सीरीज के बचे हुए मैचों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। वहीं, वेलिंगटन में खेले गए मुकाबले के दौरान तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर के हेलमेट पर तेज गेंद लग गई थी। हालांकि उन्हें दर्द से राहत मिल चुकी है, लेकिन आईसीसी के कड़े कनकशन प्रोटोकॉल नियमों के तहत उन्हें एहतियातन सात दिनों तक मैदान से दूर रहना अनिवार्य है। ऐसे में टिकनर भी अगले दोनों मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। संकट की इस घड़ी में चयनकर्ताओं ने युवा बॉलिंग ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क को हैमिल्टन में होने वाले तीसरे वनडे से ठीक पहले टीम में आपातकालीन बुलावा भेजा है। इसके अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी को चौथे वनडे में वापसी करने की सलाह दी गई है।
गेंदबाजी विभाग में अचानक खाली हुए स्थान को भरने के लिए कीवी टीम प्रबंधन ने अपनी प्राथमिक योजनाओं में बड़ा बदलाव किया है। मैट हेनरी और लंबे कद के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन को पहले तीसरे वनडे के तुरंत बाद वेलिंगटन में आगामी टेस्ट कैंप जॉइन करना था, लेकिन अब वे चौथे वनडे मैच तक इसी वनडे स्क्वॉड के साथ ही डटे रहेंगे। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि सीरीज के अंतिम दोनों मुकाबलों के लिए स्क्वॉड में दो नए चेहरों को और शामिल किया जाएगा। इस बीच टेस्ट फॉर्मेट को प्राथमिकता देते हुए टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ जैसे पांच प्रमुख खिलाड़ी हैमिल्टन में तीसरे वनडे के ठीक अगले दिन यानी बुधवार को टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए वेलिंगटन रवाना हो जाएंगे।
वनडे मुकाबले के लिए घोषित कीवी टीम में कौन कौन
तीसरे वनडे मुकाबले के लिए घोषित कीवी टीम की कमान मिचेल सेंटनर के हाथों में रहेगी, जबकि स्क्वॉड में माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइल जैमिसन, निक केली, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ और विल यंग को जगह दी गई है। वहीं चौथे वनडे के लिए घोषित टीम में कप्तान मिचेल सेंटनर के साथ फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे, मैट हेनरी, काइल जैमिसन, निक केली, टिम साइफर्ट और विल यंग मोर्चा संभालेंगे।