डेब्यू पर ही 150 ठोककर छा गया ये बल्लेबाज, 126 गेंदों में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
दक्षिण अफ्रीका के 24 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखते ही इतिहास रच दिया है। विंडहोक के मैदान पर नामीबिया के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में हरमन ने अपने डेब्यू मैच में ही 150 रनों की तूफानी पारी खेली।
इसके साथ ही वह वनडे डेब्यू पर किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के विश्व रिकॉर्ड के बराबर पहुंच गए हैं। हरमन ने यह जादुई आंकड़ा केवल 126 गेंदों में छूकर वनडे पदार्पण पर सबसे तेज 150 रन बनाने का नया कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया।
ब्रीत्ज़के के खास क्लब में बनाई जगह
हरमन से पहले यह विश्व रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ही मैथ्यू ब्रीत्ज़के के नाम दर्ज था, जिन्होंने 10 फरवरी 2025 को लाहौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू पर 148 गेंदों में 150 रन बनाए थे। अब क्रिकेट इतिहास में जॉर्डन हरमन और मैथ्यू ब्रीत्ज़के ही ऐसे दो बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने पहले ही वनडे मुकाबले में 150 रनों का आंकड़ा छुआ है।
टोनी डी ज़ोर्ज़ी के साथ 190 रनों की मैच विनिंग साझेदारी
पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाने वाले हरमन ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए टोनी डी ज़ोर्ज़ी (84 गेंदों में 72 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 190 रनों की मजबूत साझेदारी की। इस विशाल साझेदारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित ओवरों में 348 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। हरमन की शानदार पारी का अंत 42वें ओवर में हुआ, जब नामीबिया के तेज गेंदबाज रुबेन ट्रम्पेलमैन ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया।
नामीबिया की धरती पर पहला ऐतिहासिक वनडे मैच
2027 वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ कर रहे नामीबिया के लिए यह मैच बेहद ऐतिहासिक था, क्योंकि नामीबियाई सरजमीं पर खेला जाने वाला यह पहला आधिकारिक वनडे मुकाबला है। मैच में नामीबिया के लिए तेज गेंदबाज रुबेन ट्रम्पेलमैन ने शानदार स्पैल डालते हुए चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस और जेजे स्मिट को एक-एक सफलता मिली।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
दक्षिण अफ्रीका: जॉर्डन हरमन, कॉनर एस्टरहुइज़न, टोनी डी ज़ोरज़ी, डेवाल्ड ब्रेविस, रुबिन हरमन (विकेटकीपर), जेसन स्मिथ, कॉर्बिन बॉश, डुआन जेनसन, ब्योर्न फोर्टुइन (कप्तान), प्रेनेलन सुब्रायेन, क्वेना मफाका
नामीबिया: मालन क्रूगर, लॉरेन स्टीनकैंप, अलेक्जेंडर वोल्शेंक, जान फ्राइलिनक, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेन ग्रीन (विकेटकीपर), जे जे स्मिट, रूबेन ट्रम्पेलमैन, जैक ब्रासेल, मैक्स हेंगो, बर्नार्ड शोल्ट्ज़