img

लखनऊ। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' तय समय से दस दिन पहले समाप्त हो जायेगी। ऐसा सियासी मजबूरियों के चलते हो रहा है। गठबंधन का बिखरता कुनबा और लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर यात्रा को तय समय से पहले ही समेटने की तैयारी शुरू हो गई गई है। कांग्रेसी सूत्रों के मुताबिक़ यह यात्रा 10 मार्च को समाप्त हो जायेगी।

उल्लेखनीय है कि राहुल गाँधी कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू होने के बाद देश की सियासत हर दिन तेज़ी से करवट ले रही है। इंडिया गठबंधन लगभग विखर चुका है। कई वरिष्ठ कांग्रेसी भी पार्टी छोड़ चुके हैं। इसके अलावा लोकसभा चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। ऐसे में राहुल गाँधी का मैदान में होना कांग्रेस के लिए अतिआवश्यक है।

इसी तरह इंडिया गठबंधन समिति की तमाम बैठकों के बाद भी अब तक गठबंधन का फार्मूला तय नहीं हो सका है। इसलिए अब गठबंधन और सीट बंटवारे को अमली जामा पहनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ राहुल गांधी का होना भी आवश्यक है। इसके साथ ही पार्टी की चुनाव तैयारियों को भी अंतिम रूप देना है।

हालांकि कांग्रेस की ओर से इस संबंध में अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा गया है। पार्टी की ओर से तो ये कहा जा रहा है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा को 70 किलोमीटर प्रतिदिन तय करना था, जिसमें अब सौ किलोमीटर से ज्यादा का सफर प्रतिदिन तय किया जा रहा है। इसलिए यात्रा अपने तय लक्ष्यों को जल्दी पूरा कर रही है। इस तरह उत्तर प्रदेश में यह यात्रा अब 11 दिन के बजाय 6 से 7 दिन में ही पूरी हो जायेगी।