UP News: कुशीनगर जिले में जटहा बाजार थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का प्रकरण सामने आया है, जिसमें महिला के पति और बहू को अरेस्ट किया गया है। 4 जनवरी को 48 वर्षीय गीता देवी का शव शौचालय की टंकी में मिला था। प्रारंभिक जांच में महिला के बेटे ने कत्ल का संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की हर पहलू से जांच शुरू की।
पुलिस की जांच में ये बात सामने आई कि गीता देवी के पति घुरहू यादव और उसकी बहू गुड़िया के बीच अवैध संबंध थे। गीता देवी अपने पति और बहू के रिश्ते का विरोध करती थीं। इस विरोध से परेशान होकर गुड़िया ने अपने ससुर के साथ मिलकर गीता की हत्या की योजना बनाई। उन्होंने गीता को सोते समय लकड़ी के डंडे से वार कर मार डाला और फिर शव को शौचालय की टंकी में छिपा दिया।
जब गांव में गीता के लापता होने की खबर फैली, तब किसी ने टंकी के पास गीता के कपड़े देखे, जिससे शक और गहरा हो गया। जब पुलिस ने टंकी का ढक्कन खोला, तो गीता का शव मिला। पोस्टमार्टम से पता चला कि गीता की मौत सिर में चोट लगने से हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया है। अब उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई है।