उद्घाटन के कुछ दिन बाद ही खुल गई पोल! लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर धंसी 10 मीटर सड़क, मची खलबली
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। 11 अगस्त को एक्सप्रेसवे के एक हिस्से में करीब 10 मीटर क्षेत्र की सड़क नीचे धंस गई। इससे पहले सिर्फ तीन दिन पहले जिस हिस्से की मरम्मत की गई थी, वहां भी नई परत उखड़ने लगी है। वहीं हसनापुर के पास कानपुर से लखनऊ की दिशा वाली लेन में क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक करने का काम तेजी से शुरू किया गया।
मरम्मत के बाद फिर खराब हुई सड़क
लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन में बेहटा के पास किलोमीटर 63.9 पर कुछ दिन पहले सड़क की मरम्मत की गई थी। लेकिन अब वहां डाला गया नया तारकोल कई स्थानों से निकलने लगा है। खराब हिस्से के कारण वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए करीब 200 मीटर तक ट्रैफिक कोन लगाए गए हैं।
एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद से इसकी गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उद्घाटन के महज 13 दिन बाद ही अलग-अलग जगहों पर सड़क खराब होने की शिकायतें सामने आने लगी थीं। अब दोबारा सड़क धंसने और मरम्मत वाली जगह के उखड़ने से यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है।
10 मीटर हिस्से में धंसी सड़क
हसनापुर के पास किलोमीटर 29.84 पर सड़क का एक हिस्सा करीब 10 मीटर के दायरे में नीचे चला गया। जानकारी मिलने के बाद मरम्मत टीम मौके पर पहुंची। केवल धंसे हुए हिस्से को ही नहीं बल्कि आसपास की सड़क को भी हटाकर दोबारा काम शुरू किया गया। टीम की ओर से देर शाम तक सड़क को ठीक करने का दावा किया गया।
कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले मार्ग पर किलोमीटर 32.8 से 33.1 के बीच भी कई जगह सड़क की ऊपरी तारकोल परत खराब दिखाई दे रही है। इससे एक्सप्रेसवे पर निर्माण और रखरखाव की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।