DAY-NRLM के तहत 150 महिला-नेतृत्व वाली उद्यम इकाइयों को सशक्त बनाने की बड़ी पहल; 18 उत्कृष्ट उद्यमों को मिलेगा चैलेंज फंड से अनुदान: केशव मौर्य
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित इस कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 150 महिला-नेतृत्व वाली उद्यम इकाइयों को शामिल किया जाएगा। इन्हें 18 माह तक विशेषज्ञों की मेंटरिंग, व्यवसाय प्रबंधन, डिजिटल प्रशिक्षण, बाजार संपर्क और अनुपालन संबंधी सहायता मिलेगी। साथ ही औपचारिक ऋण तक पहुंच बनाने में भी सहयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में 18 उत्कृष्ट उद्यमों को चैलेंज फंड के जरिये अनुदान दिया जाएगा, जबकि अन्य 132 उद्यम सामुदायिक स्तरीय संघ (सीएलएफ) के माध्यम से ब्याज मुक्त ऋण पाने के पात्र होंगे।
राजस्व में 15 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य
कार्यक्रम का लक्ष्य चयनित उद्यमों के राजस्व में कम से कम 15 प्रतिशत की वृद्धि करना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। आईआईएम लखनऊ की विशेषज्ञता और ग्रामीण आजीविका मिशन के व्यापक नेटवर्क के जरिये महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण से लेकर बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की स्वयं सहायता समूह की दीदियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत ताकत हैं। उन्हें उद्यमिता, नवाचार और आधुनिक प्रबंधन से जोड़कर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में भागीदार बनाया जाएगा।