अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाया : केशव प्रसाद मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि हम कल भी कहते थे और आज भी कहते हैं कि अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अब भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा का विषय भी जनभावनाओं और धार्मिक आस्था के केंद्र में है। श्री मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वह वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए आगे आना चाहिए और इस विषय पर अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि आस्था और जनभावनाओं से जुड़े विषयों पर स्पष्ट विचार भी सामने आने चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव यदि इस विषय पर अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हैं तो शायद समाजवादी पार्टी की राजनीतिक डूबती नैया को कुछ सहारा मिल जाए और उसकी 2017 वाली राजनीतिक स्थिति बची रह जाए। हालांकि, उन्होंने समाजवादी पार्टी की राजनीति पर भरोसा करना मुश्किल बताया।