ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं संस्थागत रूप से सशक्त बनाने पर केशव मौर्य का विशेष जोर

ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं संस्थागत रूप से सशक्त बनाने पर केशव मौर्य का विशेष जोर

केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने तथा ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं संस्थागत रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में मॉडल संकुल स्तरीय संघ के एम.आई.एस. सहायक एवं लेखाकार का दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सोमवार को क्षेत्रीय ग्राम विकास संस्थान, बक्शी का तालाब में प्रारंभ हुआ।
          मिशन निदेशक अरुण कुमार के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मॉडल संकुल स्तरीय संघ के कैडर को तकनीकी, वित्तीय एवं प्रबंधकीय दृष्टि से दक्ष बनाना है, ताकि वे संघ की गतिविधियों का प्रभावी संचालन करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन और आजीविका संवर्धन के लक्ष्यों को गति दे सकें। उपायुक्त मुख्यालय देवेन्द्र कुमार ओझा ने बताया कि प्रशिक्षित एम.आई.एस. सहायक एवं लेखाकार संकुल स्तरीय संघ की रीढ़ हैं। आंकड़ों का व्यवस्थित संकलन, वित्तीय अभिलेखों का पारदर्शी रखरखाव तथा योजनाओं की नियमित निगरानी संस्थागत मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इन कार्मिकों की दक्षता बढ़ने से संकुल स्तरीय संघ अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे और मिशन के गरीबी मुक्त गांव के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Tags: