यूपी की बेटियों का जलवा! सीएम योगी बोले- '2017 से पहले था खौफ, अब पदक लाओ-पद पाओ'

यूपी की बेटियों का जलवा! सीएम योगी बोले- '2017 से पहले था खौफ, अब पदक लाओ-पद पाओ'

नवरात्र में मां कात्यायनी की आराधना के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 'नारी शक्ति' और होनहार बेटियों के जज्बे को सलाम किया है। मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि आज का यूपी पूरी तरह से बदल चुका है। कभी जिन खेल के मैदानों पर माफियाओं का कब्जा हुआ करता था, आज वहां से ओलंपिक और एशियन गेम्स के चैंपियन निकल रहे हैं।

खौफ से खुले आसमान तक का सफर

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि एक वक्त था जब लचर कानून-व्यवस्था और अराजकता के चलते बेटियों के सपनों पर बेड़ियां पड़ी रहती थीं। वे खुलकर अपने हुनर का प्रदर्शन नहीं कर पाती थीं। लेकिन अब हालात बिल्कुल जुदा हैं। पिछले कुछ सालों में यूपी ने उपेक्षा और डर के माहौल को पीछे छोड़कर खिलाड़ियों के लिए सुरक्षा और प्रोत्साहन का नया दौर शुरू किया है।

'पदक लाओ, पद पाओ' बनी गेमचेंजर

यूपी सरकार की खेल नीति अब युवाओं के लिए संजीवनी बन गई है। गांवों से लेकर मंडल स्तर तक हाईटेक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मेरठ का निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के भविष्य को एक मजबूत आधार दे रहा है। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसे इंटरनेशनल इवेंट्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को न केवल भारी-भरकम नकद इनाम दिए जा रहे हैं, बल्कि 'पदक लाओ, पद पाओ' योजना के तहत सीधे सरकारी नौकरी का शानदार तोहफा भी मिल रहा है। इससे खिलाड़ियों की आर्थिक चिंताएं खत्म हुई हैं।

दुनिया में बज रहा यूपी की बेटियों का डंका

सीएम योगी ने गर्व के साथ उन बेटियों का नाम लिया जो आज इंटरनेशनल लेवल पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। एथलेटिक्स ट्रैक पर पारुल चौधरी, अन्नू रानी, प्राची चौधरी और प्रियंका गोस्वामी ने कमाल किया है। वहीं, जूडो में अस्मिता डे, क्रिकेट के मैदान पर दीप्ति शर्मा व मेघना सिंह, हॉकी में वंदना कटारिया और कुश्ती में दिव्या काकरान जैसी स्टार खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से अलग मुकाम हासिल किया है। सरकार का सीधा विजन है- बेटियां आगे बढ़ें, सरकार उनके हर कदम पर पूरी ताकत के साथ खड़ी है।