"छोटे मियां-बड़े मियां को घुसपैठियों से प्यार..." कानपुर में राहुल-अखिलेश पर जमकर गरजे CM योगी!
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के बिठूर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 411 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए विपक्ष पर अब तक का सबसे तीखा सियासी प्रहार किया है। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन्हें 'छोटे मियां और बड़े मियां' करार दिया।
सीएम ने सीधा आरोप लगाया कि इन दोनों नेताओं को देश के दलितों, किसानों और युवाओं से ज्यादा बांग्लादेशी घुसपैठियों से प्यार है। पुरानी सरकारों पर रामनगरी अयोध्या के विकास में रोड़े अटकाने का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के संस्कार अंधेरे और गंदगी में रहने के हैं, जिन्होंने सत्ता में रहते हुए सिर्फ डकैती डालने का काम किया।
उन्होंने पिछली सरकारों की नाकामी गिनाते हुए कोसी कलां, मथुरा के जवाहर बाग और मुजफ्फरनगर दंगों की याद दिलाई और कहा कि सपा सरकार में जब पुलिस अफसर ही सुरक्षित नहीं थे, तो आम जनता का क्या हाल रहा होगा।
अखिलेश यादव पर सीधा तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि विरासत में एक बार सत्ता की गद्दी तो मिल सकती है लेकिन बुद्धि नहीं मिलती, जनता अब आपके कारनामों को देखकर आपको हमेशा के लिए विदा कर चुकी है। विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या नए कलेवर में चमक रहे हैं और अब राज्य सरकार महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और बाबा साहब अंबेडकर से जुड़े प्रदेश के 4,000 स्थलों का भव्य सुंदरीकरण कराने जा रही है।