भिड़े कांग्रेसी: अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों में गाली-गलौज, BJP बोली- 'मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार'

भिड़े कांग्रेसी: अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों में गाली-गलौज, BJP बोली- 'मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार'

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के माल एवेन्यू स्थित प्रदेश मुख्यालय में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। यह तीखा विवाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के औपचारिक पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुआ, जहां शक्ति प्रदर्शन के लिए पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अवध जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि ममता चौधरी की ओर से कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने के बाद अजय राय के समर्थक उग्र हो गए और दोनों गुटों में धक्का-मुक्की व गाली-गलौज होने लगी, जिससे समारोह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

विवाद बढ़ने पर अजय राय ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से सीधी शिकायत दर्ज कराई। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने साफ लहजे में ममता चौधरी को तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे अनुशासनहीन आचरण से संगठन की छवि सार्वजनिक रूप से धूमिल होती है। हालांकि, मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, लेकिन इस अंदरूनी कलह ने कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल के पहले ही दिन पार्टी की गुटबाजी को सार्वजनिक मंच पर ला खड़ा किया।

मुख्यालय में हुए इस हंगामे का वीडियो सामने आते ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला बोल दिया। यूपी बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर हंगामे का वीडियो साझा करते हुए लिखा, "मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार, कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का मान मर्दन कर दिया!" आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के भीतर सड़क पर आई इस खींचतान ने विपक्षी खेमे में असहज स्थिति पैदा कर दी है, जिसका पूरा राजनीतिक फायदा उठाने में भाजपा जुट गई है।