यूपी में कांग्रेस का 'मास्टरप्लान': इन नेताओं की होगी छुट्टी! राहुल-खरगे के सख्त फरमान से मची हलचल
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस पाने के लिए मास्टरप्लान तैयार कर लिया है। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अब प्रदेश संगठन में एक 'बड़ी सर्जरी' करने जा रहा है। इसके तहत एक नई और ऊर्जावान प्रदेश कार्यकारिणी का गठन जल्द होगा।
सबसे अहम बात यह है कि सालों से पदों पर कुंडली मारकर बैठे निष्क्रिय जिला और शहर अध्यक्षों की छुट्टी तय मानी जा रही है। उनकी जगह ग्राउंड पर पसीना बहाने वाले सक्रिय और युवा चेहरों को कमान सौंपी जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर पार्टी के जनाधार को मजबूत किया जा सके।
राहुल गांधी और खरगे का सख्त संदेश
नई दिल्ली के इंदिरा भवन में सोमवार को आयोजित 'संगठन सृजन अभियान' की अहम समीक्षा बैठक में शीर्ष नेतृत्व का रुख बेहद कड़ा दिखा। इस दौरान राहुल गांधी ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि संगठन में सिर्फ उन्हीं नेताओं को तवज्जो मिलेगी, जो वास्तव में काम कर रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नवनियुक्त प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे वातानुकूलित कमरों से निकलकर जिलों का दौरा करें। उन्हें बूथ स्तर तक संगठन के कार्यों की समीक्षा करने को कहा गया है। ज्ञात हो कि चुनाव की गंभीरता को देखते हुए 26 जून को अविनाश पांडेय की जगह राजेंद्र पाल गौतम को यूपी का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया था। इस बड़े फेरबदल की ग्राउंड रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और शीर्ष नेतृत्व को जल्द सौंपी जाएगी।
6 नए सह-प्रभारियों को जोनवार जिम्मेदारी
यूपी के सियासी रण को प्रभावी ढंग से साधने के लिए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने 6 नए सह-प्रभारियों को अलग-अलग जोन्स की कमान सौंप दी है। इन सभी को एक महीने के भीतर अपनी विस्तृत ग्राउंड रिपोर्ट हाईकमान को देनी होगी। यूपी को छह अलग-अलग जोन्स में बांटकर प्रभारियों की नियुक्ति इस प्रकार की गई है-
-
अवध जोन (11 जिले): अब्दुल हन्नान
-
पूर्वांचल जोन (12 जिले): अभिषेक दत्त
-
प्रयागराज जोन (12 जिले): वरुण चौधरी
-
बुंदेलखंड जोन (13 जिले): जगदीश चंद्र जांगिड
-
ब्रज जोन (13 जिले): कुनाल चौधरी
-
पश्चिम जोन (14 जिले): संजीव आर्या