तहसील से लौटी और घर में छिड़क दिया पेट्रोल, 125 गज के मकान के लिए बहू को जिंदा जलाने की कोशिश
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत संपत्ति के बंटवारे को लेकर उपजा पारिवारिक कलह रूह कंपा देने वाली वारदात में बदल गया। आरोप है कि ससुराल में जेठ, जेठानी और उनकी बेटी ने मिलकर अपनी ही छोटी बहू पर पेट्रोल उड़ेलकर उसे जिंदा जलाने की खौफनाक कोशिश की। आग की लपटों में घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू (जेएन) मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार महिला करीब 75 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और उसकी बेहद नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया जा रहा है। अस्पताल पहुंची पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानें पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, सासनीगेट थाना क्षेत्र के भुजपुरा निवासी मुन्ने खां की 30 वर्षीय पुत्री साहिबा का निकाह करीब चार वर्ष पूर्व हमदर्द नगर-डी (सिविल लाइन) निवासी इरफान के साथ हुआ था। साहिबा के मायके वालों का कहना है कि उसकी सास शहजादी के नाम अलग-अलग इलाकों में संपत्तियां हैं। सास ने कुछ समय पहले टीचर्स कॉलोनी स्थित करीब 50 गज का प्लॉट अपने बड़े बेटे के नाम कर दिया था। इसके बाद मौलाना आजाद नगर स्थित 250 गज के भूखंड में से 125 गज का हिस्सा भी बड़े बेटे को दे दिया गया था। तय समझौते के अनुसार, शेष बचा 125 गज का मकान बुधवार को छोटे बेटे इरफान के नाम पंजीकृत होना था।
मकान की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कराने के लिए सास शहजादी अपने छोटे बेटे इरफान और बहू साहिबा को लेकर तहसील पहुंची थीं। तहसील परिसर में जब दस्तावेज तैयार हो रहे थे, तभी जेठानी वहां आ धमकी और उसने संपत्ति हस्तांतरण का पुरजोर विरोध करते हुए भारी हंगामा खड़ा कर दिया। इस बवाल के कारण बुधवार को रजिस्ट्री नहीं हो सकी और सास-बहू बैरंग घर लौट आईं। आरोप है कि कुछ ही देर बाद जेठानी भी घर पहुंच गई और वहां जेठ, जेठानी तथा उनकी बेटी ने साहिबा से तीखा विवाद शुरू कर दिया।
मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि जेठानी पहले ही दो संपत्तियां अपने नाम करवा चुकी थी और वह इस बचे हुए मकान को भी हड़पने की नीयत पाले हुए थी। इसी दुर्भावना के चलते आरोपियों ने साहिबा पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस लगा दी। आग भड़कते ही घर में कोहराम मच गया और आसपास के बाशिंदों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह झुलसती महिला की जान बचाई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग और स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।