ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही सरकार: उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर 31 महिला लघु उद्योगों को सोलर प्लांट व खाद्य प्रसंस्करण की सौगात

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही सरकार: उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर 31 महिला लघु उद्योगों को सोलर प्लांट व खाद्य प्रसंस्करण की सौगात

केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों में खाद्य प्रसंस्करण विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और महिला स्वयं सहायता समूहों के उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी राज्य स्तरीय अधिकार प्राप्त समिति (एसएलईसी) की बैठक में निर्णयार्थ 67 नवीन प्रस्ताव प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इन प्रस्तावों में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रस्तावित 67 नवीन परियोजनाओं में से 31 प्रस्ताव 'प्रेरणा महिला लघु उद्योग' एवं महिला उद्यमियों से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के साथ उनकी उत्पादन क्षमता और आर्थिक गतिविधियों को विस्तार देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

इन प्रस्तावों के अंतर्गत संतकबीरनगर, हरदोई, बस्ती, सोनभद्र, देवरिया, औरैया, महाराजगंज, श्रावस्ती, बहराइच, झांसी, मिर्जापुर, बलरामपुर, सुल्तानपुर और गोरखपुर सहित विभिन्न जनपदों में 'रेडी टू कुक' (Ready to Cook) खाद्य इकाइयों पर सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जाने की पहल की जा रही है। इससे महिला उद्यमियों को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का लाभ मिलेगा, परिचालन लागत में कमी आएगी तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को केवल आजीविका के पारंपरिक साधनों तक सीमित न रखकर उन्हें आधुनिक तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि, उद्यमों की स्थिरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में भी सहायता मिलेगी।

Tags: