यूपी में बनेगा 50 करोड़ का हाईटेक 'IT सदन', एक ही छत के नीचे होंगे सारे टेक विभाग; जानिए सरकार का मेगा प्लान

यूपी में बनेगा 50 करोड़ का हाईटेक 'IT सदन', एक ही छत के नीचे होंगे सारे टेक विभाग; जानिए सरकार का मेगा प्लान

उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बड़ा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार के दिल्ली स्थित 'इलेक्ट्रॉनिक्स निकेतन' की तर्ज पर अब यूपी में भी एक भव्य 'IT सदन' (IT Sadan) का निर्माण किया जाएगा।

इस नए और आधुनिक भवन में राज्य के आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े सभी विभागों और अहम संस्थाओं के कार्यालय एक ही छत के नीचे शिफ्ट किए जाएंगे। सरकार ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए 50 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट भी आवंटित कर दिया है। इसके लिए लखनऊ में उपयुक्त जमीन की तलाश युद्ध स्तर पर शुरू हो गई है।

एक ही कैंपस से संचालित होंगे यूपीसीएल, एआई और स्टार्टअप मिशन

वर्तमान में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अंतर्गत आने वाली कई अहम संस्थाएं शहर में अलग-अलग भवनों से संचालित हो रही हैं। इनमें यूपीसीएल (UPCL), यूपी डेस्को (UP Desco), श्रीट्रॉन (Shritron), एआई मिशन (AI Mission) और स्टार्टअप मिशन जैसी प्रमुख संस्थाएं शामिल हैं। काम का दायरा बढ़ने के कारण अलग-अलग कार्यालय होने से विभागीय कॉर्डिनेशन में समय लगता है। प्रस्तावित 'IT सदन' के बनने के बाद, विभाग के प्रमुख सचिव से लेकर इन सभी संस्थाओं के प्रबंध निदेशकों (MD) तक के ऑफिस एक ही अत्याधुनिक परिसर में होंगे, जिससे सरकारी कामकाज में गजब की तेजी आएगी। सूबे में इन दिनों डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर निर्माण, इंक्यूबेशन सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसे अत्याधुनिक टेक क्षेत्रों में गतिविधियां अपने चरम पर हैं। देशी-विदेशी निवेशकों के साथ भी सरकार की लगातार हाई लेवल बैठकें चल रही हैं। ऐसे में इन सभी विभागों को एक 'समर्पित कार्यालय' (Dedicated Office) मिलने से बड़ी योजनाओं की मॉनिटरिंग करना, नीतियों को लागू करना और निवेशकों को 'सिंगल विंडो' जैसी त्वरित सुविधाएं देना काफी आसान हो जाएगा।

चक गंजरिया समेत इन इलाकों में तलाशी जा रही है जमीन

'IT सदन' के निर्माण के लिए राजधानी लखनऊ के प्राइम लोकेशंस पर जमीन देखी जा रही है। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने हाल ही में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष के साथ कई संभावित जगहों का ग्राउंड इंस्पेक्शन किया। जानकारी के मुताबिक, आईटी सिटी चक गंजरिया (Chak Ganjaria) के पास की जमीन को सबसे मजबूत विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। इसके अलावा, राजाजीपुरम और सरोजनीनगर में बंद हो चुकी अपट्रान (Uptron) कंपनी की खाली पड़ी जमीनों पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। विभाग का स्पष्ट कहना है कि जैसे ही जमीन फाइनल होगी, इस हाईटेक 'IT सदन' के निर्माण की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी।