रूह कंपा देने वाली वारदात: झगड़े के बाद पति ने पत्नी के सिर पर सरिये से किया वार, मासूम बच्ची की सूचना पर पहुंचे ग्रामीण
हाथरस के थाना हाथरस गेट इलाके के गांव गढ़ी गिरधरा में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक पति ने आपा खोकर अपनी ही पत्नी के सिर पर लोहे के सरिये से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद गंभीर रूप से जख्मी महिला लगभग ढाई घंटे तक खून से लथपथ हालत में घर के फर्श पर तड़पती रही। बाद में जब ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद आरोपी पति मौके से अपना ई-रिक्शा लेकर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय मृतका तुलसी का विवाह उत्तम सिंह के साथ हुआ था। दंपति की तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार करीब दो महीने पहले ही नगला खान से गढ़ी गिरधरा गांव में किराए के मकान में शिफ्ट हुआ था। उत्तम सिंह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता था, जबकि तुलसी का मायका कासगंज जिले के पटियाली क्षेत्र में है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। रविवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आवेश में आकर उत्तम ने पास पड़े सरिये से तुलसी के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया।
वारदात का खुलासा तब हुआ जब दंपति की एक मासूम बच्ची ने रोते हुए ग्रामीणों को बताया कि पापा ने मम्मी को बहुत बुरी तरह पीटा है। बच्ची की बात सुनकर जब ग्रामीण दौड़ते हुए मकान में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गए। तुलसी लहूलुहान हालत में बेसुध पड़ी थी और उसके सिर से लगातार खून बह रहा था। ग्रामीणों ने फौरन एंबुलेंस बुलाई और पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही तुलसी की सांसें थम गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना हाथरस गेट पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने क्राइम सीन का बारीकी से मुआयना करते हुए अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवाद के सही कारणों की पड़ताल की जा रही है और फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।