वाइपर पकड़े चीखती रही पत्नी, कई किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा 'हैवान' पति; प्रेमिका अंदर कर रही थी मजे
उत्तर प्रदेश के मेरठ में दांपत्य विवाद और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के चलते रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी को कार के बोनट पर लटकाकर करीब पांच किलोमीटर तक तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा दी। रास्ते भर महिला चीखती-पुकारती रही, लेकिन बेरहम पति ने ब्रेक नहीं लगाए। इस पूरे वाकये का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद हरकत में आई लोहियानगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति मयंक सिंह और उसकी प्रेमिका माही वर्मा को अरेस्ट कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, काजीपुर निवासी मयंक सिंह का विवाह करीब 15 साल पहले हुआ था और दंपत्ति के दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 14 वर्ष का है। शनिवार को महिला अपने बेटे के साथ स्कूटी से हापुड़ रोड की तरफ किसी काम से निकली थी। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर उसकी नजर अचानक पति की कार पर पड़ी, जिसमें उसके साथ एक युवती (माही वर्मा) बैठी हुई थी। पति को प्रेमिका के साथ रंगेहाथ देखकर पत्नी के होश उड़ गए और उसने स्कूटी आगे लगाकर कार रोकने का प्रयास किया। जब पति ने गाड़ी नहीं रोकी, तो महिला ने विरोध जताते हुए खुद को कार के आगे अड़ा दिया और देखते ही देखते बोनट पर चढ़ गई।
महिला के बोनट पर आने के बावजूद आरोपी पति ने गाड़ी रोकने के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया और तेज रफ्तार में कार दौड़ाने लगा। हापुड़ रोड से लेकर लोहियानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीराम कॉलोनी तक लगभग पांच किलोमीटर के सफर में महिला जान बचाने के लिए वाइपर और बोनट को कसकर पकड़े रही। रास्ते में मौजूद राहगीरों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो उन्होंने कार का पीछा किया और काशीराम कॉलोनी के निकट घेराबंदी कर किसी तरह वाहन को रुकवाया। कार रुकते ही बौखलाए पति ने बीच सड़क पर पत्नी के साथ हाथापाई और मारपीट भी शुरू कर दी, जिसे देख स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया।
वारदात के तत्काल बाद पीड़ित पत्नी ने लोहियानगर थाने पहुंचकर पति मयंक सिंह और उसकी प्रेमिका माही वर्मा के विरुद्ध लिखित तहरीर दी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में दोनों पर जान से मारने की नीयत से कार दौड़ाने (हत्या का प्रयास), गंभीर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी मयंक और उसकी साथी माही को अरेस्ट कर लिया गया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।