झांसी में स्कूल क्लर्क ने छात्रा से किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो से किया ब्लैकमेल; बेगूसराय में भी दरिंदगी

झांसी में स्कूल क्लर्क ने छात्रा से किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो से किया ब्लैकमेल; बेगूसराय में भी दरिंदगी

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल के कर्मचारी को 16 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। रक्सा थाना क्षेत्र के इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता की बड़ी बहन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत 26 वर्षीय सुरेंद्र पाल काफी समय से नाबालिग छात्रा को परेशान कर रहा था। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के ओरछा ले गया, जहां उसने उसके साथ इस वारदात को अंजाम दिया।

वारदात के बाद आरोपी ने छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। इस ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता ने रविवार को आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद जब परिजनों ने उससे पूछताछ की, तब जाकर पूरे मामले की सच्चाई सामने आई। रक्सा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी सुरेंद्र पाल के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

वहीं दूसरी ओर, बिहार के बेगूसराय जिले से भी ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक होटल के कमरे में युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता के अनुसार, उसका एक परिचित व्यक्ति उसे बाइक पर बिठाकर होटल ले गया और वहां मौजूद दूसरे युवक के हवाले कर दिया। आरोपी ने उसे कमरे में बंधक बनाकर जूतों-चप्पलों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिसका एक कथित वीडियो भी सामने आया है, और फिर दुष्कर्म किया। नगर थाना प्रभारी सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।