घर में घुसा और तान दिया तमंचा; UP में प्रेमिका के परिवार पर अंधाधुंध गोलियां, चाची की तड़प-तड़पकर मौत
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने प्रेमिका के परिजनों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव में हुई इस खूनी वारदात में प्रेमिका की 35 वर्षीय चाची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ चाचा को नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, जोरवारा गांव निवासी श्यामधर मिश्रा उर्फ बबुआ का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। हाल ही में युवती छत से कूदकर लापता हो गई थी, जिसे परिजनों ने खोजबीन के दौरान गांव के पास खड़े एक ट्रक में श्यामधर के साथ पकड़ा था। इस घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस बुलाई और युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस तक मामला पहुंचने से बौखलाए श्यामधर ने बदला लेने की नीयत से इस खूनी साजिश को अंजाम दिया।
रविवार देर शाम करीब 8:30 बजे श्यामधर तमंचा लेकर सीधे प्रेमिका के घर में दाखिल हुआ और परिजनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में गोली लगने से युवती के चाचा-चाची लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकला। परिजन दोनों घायलों को तुरंत रामनगर सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर फरार आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी है।