Metaphor Lucknow Literature Festival : 14वें संस्करण में शामिल हुए डॉ. राजेश्वर सिंह, साहित्य और पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने पर दिया जोर

Metaphor Lucknow Literature Festival : 14वें संस्करण में शामिल हुए डॉ. राजेश्वर सिंह, साहित्य और पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने पर दिया जोर

लखनऊ, 29 नवंबर। किताबें केवल ज्ञान का संग्रह नहीं, बल्कि विचारों को विस्तार देने, समाज को दिशा देने और पीढ़ियों के बीच वैचारिक संवाद कायम रखने का माध्यम हैं। जिस समाज में पढ़ने की संस्कृति मजबूत होती है, वहां विचारशीलता, विवेक और रचनात्मकता भी विकसित होती है। यह विचार सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मेटाफर लखनऊ लिटरेचर फेस्टिवल के 14वें संस्करण में व्यक्त किए। साहित्य, कला और संस्कृति के प्रतिष्ठित आयोजन में डॉ. सिंह ने साहित्यिक विरासत के संरक्षण, नई पीढ़ी में पठन संस्कृति विकसित करने और समाज में पुस्तकालयों की भूमिका को रेखांकित किया।

साहित्य समाज का पथप्रदर्शक, पढ़ने की संस्कृति से ही बनेगे जागरूक नागरिक — डॉ. राजेश्वर सिंह  

इस अवसर पर प्रख्यात गीतकार एवं लेखक श्री जावेद अख्तर जी, डॉ. राजेश्वर सिंह की बड़ी बहन श्रीमती आभा सिंह जी, लखनऊ एक्सप्रेशन सोसाइटी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व महाधिवक्ता श्री जयदीप नारायण माथुर जी तथा फेस्टिवल की संस्थापक एवं निदेशक श्रीमती कनक रेखा चौहान जी उपस्थित रहीं। अभिनेता श्री अतुल तिवारी, कवि श्री आलोक श्रीवास्तव, श्री सूर्य मोहन कुलश्रेष्ठ और अभिनेता श्री फैसल मलिक सहित साहित्य एवं कला जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भी आयोजन में सहभागिता की।

फेस्टिवल में साहित्य प्रेमियों को डा. राजेश्वर सिंह ने भेंट कीं 250 पुस्तकें

सरोजनीनगर में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि क्षेत्र की 150 RWA में से 60 में पुस्तकालय स्थापित कराए जा चुके हैं। प्रत्येक पुस्तकालय को 50 उपयोगी एवं अच्छी पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध कराया गया है। इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए मेटाफर लिटरेचर फेस्टिवल में आए साहित्य प्रेमियों के लिए भी 250 पुस्तकें भेंट की गईं। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह करने का स्थान नहीं, बल्कि विचारों, ज्ञान और कल्पनाशीलता के विस्तार के केंद्र हैं। 

'हर मोहल्ले में मॉल से पहले लाइब्रेरी होनी चाहिए', मेटाफर लिटरेचर फेस्टिवल में बोले डॉ. राजेश्वर सिंह

देश की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर चर्चा करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्राचीन पुस्तकों और पांडुलिपियों को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित करने के राष्ट्रीय प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश की लगभग 1.2 करोड़ पांडुलिपियों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने का अभियान चल रहा है। अब तक करीब 8 लाख पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है और वर्ष 2030 तक इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। 

"साहित्य राजनीति से आगे चलने वाली वह मशाल है, जो समाज को सही रास्ता दिखाती है" – डॉ. राजेश्वर सिंह

सरोजनीनगर में कला, संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में विकसित हो रहे नए अवसरों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि वर्ष 1926 में मैरिस कॉलेज के रूप में स्थापित संस्था आज भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के रूप में प्रतिष्ठित है और इसका आधुनिक परिसर सरोजनीनगर में तैयार हो रहा है।  प्रख्यात गीतकार एवं लेखक श्री जावेद अख्तर जी के साथ अपने पुराने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने साहित्य और रचनाकारों के अधिकारों के लिए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि लेखकों और गीतकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए श्री जावेद अख्तर जी का संघर्ष साहित्य जगत के लिए प्रेरणादायक है। साहित्य की शक्ति सत्ता और राजनीति की सीमाओं से कहीं व्यापक है।