मेरठ में पॉक्सो का आरोपी मुठभेड़ में दबोचा गया: पुलिस पर फायरिंग कर भागते वक्त सूखे बंबे में गिरा अपराधी
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पल्लवपुरम थाना पुलिस ने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित चल रहे आरोपी सोहेल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और भागने की कोशिश की। पुलिस ने जब पीछा कर उसकी घेराबंदी की, तो हड़बड़ाहट में वह बाइक समेत सूखे बंबे में जा गिरा, जिससे उसके बाएं पैर और बाईं बांह में चोट आई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 22 साल है और वह सोहेल पुत्र नसीम, निवासी ग्राम सिवाया, थाना दौराला, मेरठ का रहने वाला है। उसके खिलाफ पल्लवपुरम थाने में मुकदमा संख्या 367/2026 के तहत छेड़खानी से जुड़ी बीएनएस की धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 में मामला दर्ज था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पल्लवपुरम पुलिस दुल्हैड़ा बंबा इलाके में वाहनों व संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर आए युवक को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर उसने फायरिंग कर दी।
मौके से पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तमंचे की नाल में फंसा एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।