जाति-धर्म आधारित गोलबंदी नहीं, शिक्षा, रोजगार और विकास हो 21वीं सदी की राजनीति का आधार : डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 21वीं सदी में राजनीति का केंद्र जाति और धर्म के आधार पर गठबंधन बनाना नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, निवेश और विकास होना चाहिए। समाजवादी पार्टी की PDA राजनीति सहित AIMIM और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) की पहचान-आधारित गोलबंदी युवाओं, समाज और देश के हित में नहीं है। राजनीति का उद्देश्य समाज को बाँटना नहीं, राष्ट्र को जोड़ना होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए ज्ञान, कौशल, प्रतिभा और परिश्रम के अवसर चाहिए। सामाजिक न्याय और समान अवसर आवश्यक हैं, लेकिन युवाओं की आकांक्षाओं को जाति या धर्म के खांचों में सीमित करना उनके भविष्य को कमजोर कर सकता है। हर बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिले और मेहनत व प्रतिभा का सम्मान हो—नीतियों का लक्ष्य यही होना चाहिए।
डॉ. सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि किसी भी दल या PDA जैसे जाति-आधारित घोषणापत्र का समर्थन करने से पहले उसके विकास एजेंडे पर गंभीरता से विचार करें। मतदान से पहले आत्ममंथन करें—क्या ऐसी राजनीति बच्चों के भविष्य, रोजगार और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेगी? सोच-समझकर लिया गया निर्णय ही युवाओं, समाज और देश के हितों की रक्षा करेगा।