चकमार्गों से अवैध अतिक्रमण हटाकर कराएं निर्माण, जल जीवन मिशन से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश:श्री मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में आज पुलिस लाइन सभागार, जौनपुर में अधिकारियों के समीक्षा बैठक में निर्देश दिये कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े विभागों तथा चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का पालन हो तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समय पर मिले। अधिकारी कार्यालयों में बैठकर केवल औपचारिकता पूरी न करें, बल्कि क्षेत्र में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और समस्याओं का समाधान कराएं।
श्री मौर्य ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। जनहित के कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा जनता को परेशान करने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं। विपक्ष द्वारा जनता को भ्रमित करने के लिए किए जाने वाले भ्रामक प्रचार और प्रलोभनों से लोगों को जागरूक करें तथा सरकार के कार्यों और तथ्यों के आधार पर जनता के बीच अपनी बात रखें।