यूपी में मौसम का यू-टर्न: प्रयागराज समेत 28 जिलों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम अपना रूप बदलने जा रहा है। यूपी मौसम विज्ञान केंद्र (लखनऊ) ने आगामी 24 घंटों के लिए प्रयागराज समेत प्रदेश के 28 जिलों में भयंकर आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस अचानक होने वाले मौसमी बदलाव को देखते हुए कानपुर स्थित चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA) के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने आम जनमानस और विशेषकर किसानों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन 8 जिलों में सबसे ज्यादा खतरा, तेज आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग की ओर से जारी तत्कालिक चेतावनी के अनुसार, राज्य के 8 जिलों में मौसम सबसे ज्यादा उग्र रह सकता है। इनमें मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली और अमेठी शामिल हैं। इन जनपदों में मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन क्षेत्रों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
20 अन्य जिलों में भी गरज-चमक और बारिश का अलर्ट
उपरोक्त आठ जिलों की सक्रिय चेतावनी के अलावा, यूपी के 20 जिलों को गरज-चमक, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश के लिहाज से अलर्ट पर रखा गया है। इन जिलों में मिर्जापुर, प्रयागराज, भदोही, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, इटावा, आगरा, कानपुर देहात, उन्नाव और औरैया का नाम शामिल है। यहां भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
अचानक क्यों बदल रहा है यूपी का मौसम?
सीएसए के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने इस मौसमी बदलाव का कारण बताते हुए कहा कि वर्तमान में मानसून की सक्रियता बढ़ गई है और वातावरण में पर्याप्त मात्रा में नमी मौजूद है। इसके चलते उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में स्थानीय स्तर पर बहुत तेजी से गरज-चमक वाले बादल (थंडरस्टॉर्म) विकसित हो रहे हैं। इसी वजह से बेहद कम समय में मौसम में यह अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है और कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना बन गई है।