'एक कचौड़ी दो समोसा...', सपा दफ्तर के बाहर लगे अनोखे पोस्टर; इधर कांग्रेस संग सीट शेयरिंग पर फंसा पेंच
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर लगे नए पोस्टरों ने राहगीरों और सियासी पंडितों दोनों का ध्यान खींच लिया है। कार्यालय की दीवारों पर चस्पा एक पोस्टर में लिखा नारा "एक कचौड़ी, दो समोसा, समाजवादी पार्टी पर ही है भरोसा" खासा सुर्खियां बटोर रहा है। इस पोस्टर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दूध के डिब्बों से लदी साइकिल के साथ एक अलग अंदाज में दिखाया गया है, जो पार्टी के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) फॉर्मूले को नए सिरे से साधने की कोशिश माना जा रहा है।
पोस्टरों के जरिए सामाजिक समीकरणों को साधने की यह कवायद साफ नजर आ रही है। अखिलेश यादव के साथ पोस्टर में प्रकाश गुप्ता (यज्ञसेनी) की तस्वीर लगाकर वैश्य-हलवाई समाज को जोड़ने की बात कही गई है।
पोस्टर पर "मिले दो व्यापारी भाई, एक दूध वाले दूसरे मिठाई वाले हलवाई" और "दूध वाले और हलवाई दोनों हैं सगे भाई" जैसे नारों के साथ लिखा है कि प्रदेश में पीडीए की लहर चल रही है। जमीनी कार्यकर्ताओं का उत्साह इस तरह के नारों से चरम पर नजर आ रहा है, मगर बंद कमरों में चुनावी रणनीति का पेच अभी भी पूरी तरह सुलझ नहीं पाया है।
सड़क पर दिख रहे इस उत्साह के उलट सपा और कांग्रेस के संभावित गठबंधन में सीटों का गणित उलझा हुआ है। दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत के कई दौर चलने के बावजूद सहमति की सुई अटकी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने शुरुआती फार्मूले के तहत कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश की है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व राज्य में कम से कम 120 सीटों पर दावेदारी ठोक रहा है और इससे पीछे हटने को राजी नहीं है। 2017 और 2022 के चुनावों में लगातार शिकस्त झेलने के बाद सत्ता में वापसी की राह तलाश रही सपा फूंक-फूंक कर कदम रख रही है, जिसके चलते सीट बंटवारे पर अभी कोई अंतिम मुहर नहीं लग सकी है।