UP चुनाव 2027: अखिलेश के उड़ेंगे होश? महिला वोटरों के लिए योगी सरकार ला रही है अब तक का सबसे बड़ा पैकेज!
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की आधी आबादी यानी महिला वोटरों को साधने के लिए एक बड़े और खास पैकेज का स्पष्ट संकेत दिया है। अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने के लिए जल्द ही एक ठोस और बड़ा कदम उठाने जा रही है।
अयोध्या दौरे पर हिंदू समुदाय को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि सरकार महिलाओं के लिए एक शानदार पैकेज तैयार कर रही है, जिसका मकसद हर महिला को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना, परिवार को आर्थिक संबल देना और बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराना है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश सरकार भी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्यों के नक्शेकदम पर चलते हुए महिलाओं पर केंद्रित सीधी आर्थिक मदद या बड़े कल्याणकारी पैकेज का ऐलान कर सकती है।
चुनावी सियासत में महिला वोटर अब एक निर्णायक और सबसे प्रभावशाली ताकत बनकर उभरी हैं। पिछले चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि महिलाएं किसी भी दल की जीत-हार तय करने में सबसे अहम भूमिका निभा रही हैं। वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के वोटिंग पैटर्न पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी को 48 फीसदी महिलाओं का समर्थन मिला था, जबकि पुरुषों का वोट प्रतिशत 44 रहा था। इसके विपरीत, मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी को 40 फीसदी पुरुषों के मुकाबले सिर्फ 32 फीसदी महिलाओं के वोट मिले। वहीं बहुजन समाज पार्टी को 14 फीसदी महिलाओं और 10 फीसदी पुरुषों का समर्थन हासिल हुआ, जबकि कांग्रेस को महिला व पुरुष दोनों वर्गों से 3-3 फीसदी वोट मिले थे। आंकड़ों से साफ है कि भाजपा की जीत में महिला वोटरों का पलड़ा हमेशा भारी रहा है, जिसे पार्टी आगामी चुनाव में और मजबूत करना चाहती है।
हाल के वर्षों में देश के कई राज्यों में महिला-केंद्रित नकद सहायता और कल्याणकारी योजनाओं ने चुनावी नतीजों को सीधे तौर पर प्रभावित किया है। मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार की 'लाडली बहना योजना', महाराष्ट्र की 'लड़की बहिन योजना', झारखंड में 'मइयां सम्मान योजना', पश्चिम बंगाल की 'लक्ष्मीर भंडार योजना' और बिहार की 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' इसके बड़े उदाहरण हैं। इसके अतिरिक्त भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 'अन्नपूर्णा योजना' लाने का भी वादा किया है। अब उत्तर प्रदेश में भी इसी तर्ज पर बड़े महिला वेलफेयर पैकेज की तैयारी चल रही है, जो आने वाले विधानसभा चुनाव में गेमचेंजर साबित हो सकता है।