80 किमी घंटे की रफ्तार से तूफान! पश्चिमी विक्षोभ ने पकड़ी गति, यूपी के इन जिलों में मचेगी भारी तबाही

80 किमी घंटे की रफ्तार से तूफान! पश्चिमी विक्षोभ ने पकड़ी गति, यूपी के इन जिलों में मचेगी भारी तबाही

उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिलने वाला है। दिन के समय चटक धूप और रात को महसूस हो रही हल्की सिहरन के बीच बादलों की सक्रियता बढ़ने लगी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की पूरी संभावना बनी हुई है।

बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के पारे में आ रहे इस बड़े अंतर के बीच अब बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 अक्टूबर तक और पूर्वांचल के जिलों में 10 अक्टूबर तक रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान कई क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का असर पहले ही दिखने लगा है। पिछले 24 घंटों में जौनपुर और अंबेडकर नगर के इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जबकि वाराणसी में हवा की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। अन्य मैदानी इलाकों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने कुछ पॉकेट्स में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी चेतावनी दी है। बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तूफानी हवाओं के असर से राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे दिन की तीखी धूप और उमस से तो निजात मिलेगी, लेकिन खेतों में खड़ी फसलों और आम राहगीरों को आंधी, आकाशीय बिजली और ओले के खतरे को देखते हुए पूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।