दोपहर 2 बजे सोकर उठने वालों को क्या पता! अखिलेश यादव पर सीएम योगी का तीखा हमला, सन्न रह गई सपा

दोपहर 2 बजे सोकर उठने वालों को क्या पता! अखिलेश यादव पर सीएम योगी का तीखा हमला, सन्न रह गई सपा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर आतिशबाजी को लेकर प्रदूषण का शोर मचाने वालों को दो टूक जवाब दिया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि जनता ने पूरी श्रद्धा और धूमधाम से दिवाली मनाई। कुछ लोगों को सिर्फ त्योहारों के वक्त ही प्रदूषण याद आता है, जबकि पूरे सिस्टम को अपने भ्रष्ट कारनामों से दूषित करने वालों पर कोई सवाल नहीं उठाता। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी से अगर थोड़ा बहुत धुआं हुआ भी है तो वह अपने आप खत्म हो जाएगा, यह कोई स्थायी समस्या नहीं है। राज्य सरकार ने जनता की खुशियों में दखल न देते हुए पटाखों पर कोई पाबंदी नहीं लगाई और वह खुद भी अयोध्या में दीपोत्सव व आतिशबाजी के साक्षी बने थे।

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि पहले युवाओं की प्रतिभा का दमन होता था और उन्हें रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था। उस दौर में बिना सिफारिश और घूस के सरकारी नौकरी मिलना असंभव था। भर्ती आयोग और चयन बोर्ड बंधक बने हुए थे और पूरे प्रदेश में 'सैफई सिंडिकेट' का कब्जा था। फिल्म 'मुन्ना भाई' का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले परीक्षा कोई और देता था और जॉइनिंग लेटर किसी दूसरे की जेब में जाता था। 2017 में सरकार बनने के बाद जब समीक्षा की गई तो अकेले पुलिस महकमे में डेढ़ लाख पद खाली पड़े थे। पिछली सपा सरकार ने दंगाइयों पर लगाम कसने वाली पीएसी की 34 कंपनियां तक बंद कर दी थीं।

विपक्षी दल पर तीखा प्रहार करते हुए सीएम योगी ने याद दिलाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश ने 1500 से अधिक दंगे झेले। हर प्रमुख त्योहार चाहे वह होली, दिवाली, जन्माष्टमी, ईद या क्रिसमस हो, उससे पहले दंगे भड़क जाते थे और महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। व्यापारी वर्ग का सामान दुकानों में ही सड़ जाता था और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करता था। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में यूपी में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा' का माहौल बना है और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर प्रदेश पूरी तरह बदल चुका है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार 26 जनवरी तक 1 लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी कर रही है, तब सैफई सिंडिकेट के मुखिया तारीखों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बड़े घर के लोग हैं, दिवाली की रातों में दोस्तों के साथ व्यस्त रहते होंगे और दोपहर 12 बजे या 2 बजे सोकर उठते हैं। इतनी देर से जागने वालों को कैसे पता चलेगा कि कब पारदर्शी तरीके से युवाओं को जॉइनिंग लेटर बांट दिए गए।

जमीन विवादों और पैमाइश की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए योगी सरकार द्वारा लागू की गई नई तकनीक पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि अब जरीब से जमीन नापने का पुराना ढर्रा खत्म हो चुका है। सरकार ने तहसीलों को सैटेलाइट आधारित 'रोवर तकनीक' से लैस किया है, जिससे 1 इंच का भी फर्क नहीं पड़ता। अकेले जून माह में इस तकनीक से 70,000 सटीक पैमाइश कराई गईं। प्रदेश में 445 रोवर मशीनें तैनात की जा चुकी हैं, जिससे गरीबों और किसानों को बिना किसी धांधली के उनका हक मिल रहा है।