सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिले अक्षय कुमार, जानें वजह
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को देहरादून स्थित शासकीय आवास पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से औपचारिक मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों के बीच प्रदेश की नई फिल्म नीति, शूटिंग की उभरती संभावनाओं और देवभूमि को देश के अग्रणी फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अभिनेता के साथ बातचीत में राज्य सरकार द्वारा फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए उठाए जा रहे प्रशासनिक कदमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बातचीत में स्पष्ट किया कि उत्तराखंड अपनी बेजोड़ प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और फिल्म-अनुकूल सरकारी नीतियों के दम पर देशभर के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बन रहा है। राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रदेश को केवल शूटिंग लोकेशन तक सीमित न रखकर एक संपूर्ण फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां सिनेमा से जुड़ी तमाम आधुनिक सुविधाएं निर्माताओं को एक ही छत के नीचे आसानी से उपलब्ध हो सकें।
सीएम धामी ने यह भी रेखांकित किया कि प्रदेश में फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलने का सीधा सकारात्मक प्रभाव स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। शूटिंग गतिविधियों के विस्तार से जहां उत्तराखंड में साहसिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए अभिनय, तकनीकी सहयोग, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार व स्वरोजगार के ढेरों नए मौके भी तैयार होंगे। मुलाकात के अंत में अभिनेता अक्षय कुमार ने भी उत्तराखंड के नैसर्गिक सौंदर्य और यहां के अनुकूल माहौल की सराहना की।