राहुल गांधी के साथ अभद्रता का आरोप: देहरादून में भड़की कांग्रेस, एश्लेहॉल चौक पर फूंका केंद्र सरकार का पुतला
दिल्ली में छात्रों के समर्थन में आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी व कथित अभद्र व्यवहार को लेकर देवभूमि में सियासी पारा चढ़ गया है।
इस घटना के विरोध में बुधवार को देहरादून महानगर कांग्रेस के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया और शहर के प्रमुख एश्लेहॉल चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
राहुल गांधी की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन: डॉ. जसविंदर सिंह गोगी
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. गोगी ने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के हक में आवाज उठा रहे राहुल गांधी व अन्य पार्टी नेताओं के साथ किया गया व्यवहार पूरी तरह से गैर-लोकतांत्रिक है। उन्होंने इसे संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ करार दिया।
'युवाओं से संवाद के बजाय दमन का रास्ता अपना रही सरकार'
डॉ. गोगी ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जब देश का युवा शिक्षा, रोजगार और अपने सुरक्षित भविष्य से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर रहा है, तब सरकार उनसे बातचीत करने के बजाय लाठी और दमन का रास्ता चुन रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पीछे हटने वाली नहीं है।