उज्जैन की मस्जिद का विवाद और कोटद्वार में बवाल, फिर चर्चा में मोहम्मद दीपक
उत्तराखंड के कोटद्वार में सोशल मीडिया पर हुई बहस के बाद प्रकरण पुलिस तक पहुंच गया। एक दुकानदार को कथित तौर पर धमकाने और उसके साथ अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। मामला उज्जैन की शादी मस्जिद से जुड़े एक फेसबुक पोस्ट और उस पर किए गए कमेंट के बाद शुरू हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
दुकानदार ने पुलिस से की शिकायत
कोटद्वार के गंगादत्त जोशी मार्ग पर कपड़ों की दुकान चलाने वाले संजीव टांक ने गुरुवार को पुलिस को कंप्लेन दी थी। उनका आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे दीपक उनकी दुकान पर आया और उनके साथ गाली-गलौज की। कंप्लेन में जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
पुलिस के अनुसार घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और बाद में दीपक को हिरासत में ले लिया।
फेसबुक वीडियो और कमेंट से जुड़ा विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर हुई बातचीत से हुई थी। 28 सितंबर को फेसबुक पर करीब दो मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया गया था। इसमें दीपक कुमार को कथित तौर पर उज्जैन में मुस्लिम समुदाय से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की बात कहते सुना गया था।
संजीव के भाई अरविंद के अनुसार इस पोस्ट के नीचे उनके भाई ने भी एक कमेंट किया था। आरोप है कि इसी टिप्पणी से नाराज होकर दीपक दुकान पर पहुंचा और विवाद हुआ।
सीसीटीवी समेत दूसरे सबूतों की जांच
पुलिस अब मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार के अनुसार दीपक कुमार के विरुद्ध BNS की धारा 115 और 351 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता ने इल्जाम लगाया है कि फेसबुक पर की गई टिप्पणी को लेकर नाराजगी के बाद आरोपी उसकी दुकान पर पहुंचा और उसके साथ मारपीट तथा धमकी दी।