2 से 4 अक्टूबर के बीच जा रहे हैं मसूरी; भूलकर भी ना जाएं इस रास्ते, जानिए पुलिस का डायवर्जन प्लान
दो अक्टूबर को निरंतर छुट्टियों के चलते देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। दो से चार अक्टूबर तक संभावित भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट और डायवर्जन की तैयारी की है। पार्किंग भरने या सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में चरणबद्ध तरीके से वैकल्पिक प्लान लागू किया जाएगा।
मसूरी जा रहे वाहनों के लिए मेरठ, सहारनपुर दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, और रुड़की की ओर से आने वाले ट्रैफिक को डाटकाली, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर और कैंट क्षेत्र से आगे भेजने की व्यवस्था रहेगी।
ऋषिकेश और डोईवाला की तरफ से मसूरी जाने वालों को थानो रोड, महाराणा प्रताप चौक, पुलिया नंबर छह, सहस्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क वाले रास्ते से भेजा जाएगा।
पार्किंग भरते ही बदलेगा मसूरी का ट्रैफिक
मसूरी में पार्किंग की क्षमता करीब 90 प्रतिशत तक पहुंचने पर प्लान-बी लागू किया जाएगा। ऐसी स्थिति में पर्यटकों के वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में रोका जाएगा। वहां से आगे जाने के लिए टैक्सी की सुविधा का इस्तेमाल किया जाएगा।
अगर यहां भी वाहनों का दबाव बढ़ता है तो प्लान-सी के तहत ट्रैफि'क को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड की तरफ मोड़ा जाएगा। इससे शहर के अंदर वाहनों का बोझ कम करने की कोशिश होगी।
ऋषिकेश में भी डायवर्जन की तैयारी
ऋषिकेश में ट्रैफिक बढ़ने की स्थिति में हरिद्वार और देहरादून से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला, नटराज चौक, ढालवाला और बाईपास के रास्ते निकाला जाएगा।
बहुत ज्यादा यातायात दबाव होने पर भारी वाहनों को नेपाली फार्म से देहरादून की ओर भेजा जाएगा। ऐसे वाहनों को रात में नो-एंट्री खुलने के बाद ही शहर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
हरिद्वार रोड पर चंद्रभागा पुल से जयराम आश्रम तिराहे तक ऑटो और विक्रम के लिए जीरो जोन रहेगा। देहरादून में पैसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्रधारा और गुच्चुपानी के आसपास भी जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा।
मसूरी में पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही
निरंतर तीन दिन की छुट्टियों का असर मसूरी में नजर आने लगा है। गांधी जयंती के बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी के चलते गुरुवार से ही शहर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी। मालरोड, लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस और कंपनी गार्डन जैसे प्रमुख स्थानों पर काफी चहल-पहल रही।
होटल एसोसिएशन मसूरी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार शहर के होटलों में करीब 70 प्रतिशत तक बुकिंग हो चुकी है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।