शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट: मुखबा गांव रवाना हुई मां गंगा की उत्सव डोली, जानें बाकी धामों की टाइमिंग
उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट के पावन पर्व पर पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। स्वाति नक्षत्र और प्रीतियोग के शुभ मुहूर्त में ठीक दोपहर 12:05 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद किए गए। इसके तुरंत बाद मां गंगा की उत्सव भोगमूर्ति को सजाकर डोली में विराजमान किया गया और सेना की कुमाऊं रेजिमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों तथा पारंपरिक ढोल-दमाऊ की गूंज के बीच शीतकालीन पड़ाव मुखीमठ (मुखबा गांव) के लिए रवाना किया गया। अब देश-विदेश के श्रद्धालु आगामी छह माह तक मुखबा गांव स्थित गंगा मंदिर में ही मां गंगा की पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे।
कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया मंगलवार सुबह करीब 9 बजे से ही शुरू हो गई थी। उदय बेला में विधिपूर्वक पूजा के बाद मां गंगा के मुकुट को उतारा गया और श्रद्धालुओं ने माता के भोगमूर्ति रूप के अंतिम दर्शन किए। इसके बाद तीर्थ पुरोहितों ने विशेष अनुष्ठान संपन्न किए और गंगा लहरी का सामूहिक पाठ किया। दोपहर 12:15 बजे तीर्थ पुरोहित और श्रद्धालु उत्सव डोली को लेकर पैदल मार्ग से मुखबा के लिए आगे बढ़े। यात्रा के पहले पड़ाव के रूप में डोली रात्रि विश्राम मुखबा से चार किलोमीटर पहले स्थित चंदोमती देवी मंदिर में करेगी और 11 नवंबर की सुबह मुखीमठ पहुंचेगी।
इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, सीओ जनक सिंह पंवार, प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय व दूर-दराज से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।
चारधाम यात्रा के अन्य धामों के शीतकालीन कार्यक्रम की बात करें तो बुधवार 11 नवंबर को भैया दूज के पावन अवसर पर यमुनोत्री धाम और भगवान केदारनाथ के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। वहीं, बैकुंठ धाम बदरीनाथ के कपाट 16 नवंबर को पूरे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे, जिसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा के मुख्य चरण का समापन हो जाएगा।