उत्तराखंड चुनाव 2027: चमोली में 23 अक्टूबर से EVM-VVPAT की जांच शुरू, जानिए वोटर लिस्ट कब होगी फाइनल

उत्तराखंड चुनाव 2027: चमोली में 23 अक्टूबर से EVM-VVPAT की जांच शुरू, जानिए वोटर लिस्ट कब होगी फाइनल

उत्तराखंड विधानसभा इलेक्शन 2027 के लिए चमोली जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिले में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के मकसद से 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) शुरू होने जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम गौरव कुमार ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक कर पूरी प्रक्रिया की रूपरेखा साझा की है।

प्रशासन की योजना के अनुसार ये जांच ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सीधी निगरानी में चलेगी। कार्य की गंभीरता को देखते हुए सार्वजनिक अवकाश के दिन भी प्रक्रिया जारी रहेगी। यदि किसी दल का प्रतिनिधि लगातार तीन दिन तक अनुपस्थित रहता है, तो प्रशासन सीधे संबंधित पार्टी नेतृत्व को पत्र भेजकर जानकारी देगा। 

मौजूदा वक्त में जिले के पास 1,130 बैलेट यूनिट, 1,400 कंट्रोल यूनिट और 1,294 वीवीपैट मशीनें मौजूद हैं। जांच में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के लिए पहचान पत्र और अधिकृत पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 22 अक्टूबर तय की गई है। हॉल के भीतर मोबाइल फोन या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

बैठक में अपर डीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती के साथ-साथ भाजपा के विनोद कनवासी, कांग्रेस के मदन लोहनी और सीपीएम के ज्ञानेंद्र सिंह उपस्थित रहे। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत 1 जनवरी की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2 नवंबर तक पोलिंग बूथों का युक्तिकरण पूरा कर 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप सूची प्रकाशित की जाएगी।

नागरिकों के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा तय की गई है, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी को जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। नए वोटरों के नाम जोड़ने और संशोधन के लिए बीएलओ व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है, साथ ही यह सुविधा ऑनलाइन पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी।