उत्तराखंड में बड़ा भूवैज्ञानिक संकट! 15 डिग्री घूम गया 1000 साल पुराना बैजनाथ मंदिर, धंस रही है पूरी घाटी!
उत्तराखंड के बागेश्वर शहर में स्थित पौराणिक और ऐतिहासिक बैजनाथ मंदिर समूह के अस्तित्व पर भू-धंसाव के कारण गंभीर संकट मंडराने लगा है। गोमती घाटी की जमीन लगातार नीचे की तरफ खिसक रही है, जिसकी रफ्तार हर साल 7.5 से लेकर 11 मिलीमीटर तक दर्ज की गई है। इस निरंतर भू-सतही हलचल का सीधा और खतरनाक असर घाटी में मौजूद 7वीं से 12वीं शताब्दी के कत्यूरी कालीन मंदिरों पर दिखने लगा है। ऐतिहासिक मुख्य शिव मंदिर अपनी मूल धुरी से 12 से 15 डिग्री तक घूम चुका है और इसकी प्राचीन दीवारों में 55 सेंटीमीटर तक लंबी चौड़ी दरारें उभर आई हैं, जिसने पुरातत्वविदों और वैज्ञानिकों की नींद उड़ा दी है।
पेट्रोलियम एवं ऊर्जा अध्ययन विश्वविद्यालय (यूपीईएस) सहित देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और भू-वैज्ञानिक शोध संस्थानों के संयुक्त अध्ययन में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्प्रिंगर नेचर के प्रसिद्ध ‘जियोहेरिटेज जर्नल’ में प्रकाशित इस विस्तृत शोध के लिए वैज्ञानिकों ने धरातलीय सर्वेक्षण के साथ-साथ अत्याधुनिक सैटेलाइट रडार तकनीक का सहारा लिया। वैज्ञानिकों ने डिफरेंशियल इंटरफेरोमेट्रिक सिंथेटिक अपर्चर रडार (D-InSAR) तकनीक से जमीन खिसकने की दर 7.5 मिमी प्रतिवर्ष और पर्सिस्टेंट स्कैटरर इंटरफेरोमेट्रिक सिंथेटिक अपर्चर रडार (PS-InSAR) तकनीक से 11 मिमी प्रतिवर्ष आंकी है, जो इस संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र के लिए बेहद चिंताजनक है।
यूपीईएस के रिसर्च प्रोफेसर डॉ. गिरीश चंद्र कोठारी के अनुसार, घाटी में जमीन का यह धीमा लेकिन निरंतर विस्थापन इन प्राचीन स्मारकों की नींव को हिला रहा है। शोध में शामिल अचला जोशी ने बताया कि केवल मुख्य शिव मंदिर ही नहीं, बल्कि परिसर में स्थित माता पार्वती और भगवान गणेश के मंदिर भी गोमती नदी के ढलान की ओर स्पष्ट रूप से झुकते जा रहे हैं। इसके साथ ही केदारेश्वर समेत कई अन्य लघु मंदिरों की संरचनाओं में भी गंभीर विकृति देखी गई है। कई ऐतिहासिक स्तंभ घड़ी की उल्टी दिशा (एंटी-क्लॉकवाइज) में 5 से 15 डिग्री तक घूम चुके हैं और उनके विशाल तराशे गए पत्थरों में 1 से 4 सेंटीमीटर तक का फैलाव और खिसकाव साफ दिखाई दे रहा है।
इतिहास के झरोखे से देखें तो सातवीं से बारहवीं सदी के दौरान कत्यूरी राजाओं द्वारा निर्मित यह पाषाण मंदिर समूह पूर्व में भी प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल चुका है। वर्ष 1505 और 1803 के विनाशकारी भूकंपों ने भी इन मंदिरों की दीवारों और स्तंभों को नुकसान पहुंचाया था। हालांकि, उस समय की क्षति के बाद बची संरचनाएं अब आधुनिक युग में लगातार हो रहे भू-धंसाव के चलते भारी जोखिम में हैं। अगर इस ऐतिहासिक धरोहर को बचाने के लिए जल्द ही वैज्ञानिक आधार पर संरक्षण और भूमि स्थिरीकरण के ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो उत्तराखंड की यह अमूल्य सांस्कृतिक विरासत हमेशा के लिए खतरे में पड़ सकती है।