हरिद्वार में तड़के 4 बजे परिवहन विभाग की महा-स्ट्राइक! 50 से ज्यादा बसों पर एक्शन, 5 मौके पर ही सीज

हरिद्वार में तड़के 4 बजे परिवहन विभाग की महा-स्ट्राइक! 50 से ज्यादा बसों पर एक्शन, 5 मौके पर ही सीज

धर्मनगरी हरिद्वार में मुसाफिरों की जान से खिलवाड़ करने वाले बस ऑपरेटरों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शुक्रवार तड़के बड़ी स्ट्राइक की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद सुबह ठीक 4:00 बजे सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन के नेतृत्व में सचल दस्ते ने शहर के प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर आकस्मिक चेकिंग अभियान छेड़ दिया।

अचानक हुई इस सघन छापेमारी से डग्गामार और अनधिकृत बदलाव कर दौड़ रहीं स्लीपर व लक्जरी बसों के चालकों में हड़कंप मच गया। इस औचक कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक बसों के भारी-भरकम चालान काटे गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं में लिप्त 5 बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा मानकों की धज्जियां उड़ाने पर 5 बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

जांच पड़ताल के दौरान तकनीकी विशेषज्ञों ने जब बसों के आंतरिक ढांचे को परखा तो कई चौंकाने वाली खामियां उजागर हुईं। कई वाहनों में स्वीकृत बॉडी डिजाइन के विपरीत अवैध केबिन और स्लीपर बर्थ बनाकर मुसाफिरों की सुरक्षा को खतरे में डाला गया था।

इसके साथ ही आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) के ब्लॉक होने, अनिवार्य रिफ्लेक्टर न लगे होने, ध्वनि प्रदूषण मानकों के उल्लंघन, पर्यटक परमिट की आड़ में सवारी ढोने, टैक्स बकाया और ड्राइवरों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस न होने जैसी गंभीर लापरवाहियां पकड़ी गईं। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि दूसरे राज्यों से हरिद्वार की सीमा में दाखिल होने वाली हर एक बस पर 24 घंटे कड़ी नजर रखी जा रही है। जांच का समय और स्थान लगातार बदलकर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर पूरी तरह नकेल कसी जा सके।