देहरादून में आधी रात पुलिस का ‘नाइट स्ट्राइक’! 700 से ज्यादा लोगों की पूछताछ, 19 गिरफ्तार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मूसलाधार बारिश के बीच पुलिस ने अपराधियों और अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए शनिवार देर रात जिले भर में व्यापक स्तर पर 'ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक' चलाया। नगर और देहात दोनों क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत रात के समय अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूमने वाले 700 से अधिक लोगों को रोककर मौके पर ही सघन पूछताछ की गई। इस दौरान ड्रंक एंड ड्राइव करने वाले 19 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज कर दिया गया।
एसएसपी के निर्देश पर सड़कों पर उतरीं पुलिस टीमें, रातभर चला चेकिंग अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोबाल के कड़े निर्देशों के बाद क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने शहर के मुख्य चौराहों, संवेदनशील इलाकों और देहात के रास्तों पर मोर्चा संभाला। भारी बारिश के बावजूद पुलिसकर्मियों ने रात के सन्नाटे में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी और संदिग्ध वाहनों की बारीकी से तलाशी ली।
27 संदिग्धों को थाने लाकर हुआ सत्यापन, पुलिस एक्ट में चालान
अभियान के दौरान पुलिस ने 700 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की, जिनमें से 27 ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित किया गया जो देर रात घूमने का कोई ठोस कारण नहीं बता सके। पुलिस इन सभी को थाने लेकर आई, जहां उनके पहचान पत्रों की जांच और गहन आपराधिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले 54 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान काटकर 23,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कड़ा शिकंजा, 21 वाहन सीज
सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर शराब के नशे में वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। अभियान के दौरान शराब पीकर ड्राइविंग करते पाए गए 19 चालकों को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज कर दिया गया। यातायात नियमों की अनदेखी करने पर मोटर व्हीकल (MV) एक्ट के तहत कुल 72 चालान किए गए और 44,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, गंभीर उल्लंघनों के 23 मामलों में चालान सीधे न्यायालय भेजे गए, जबकि 21 अन्य वाहनों को विभिन्न नियमों के उल्लंघन में सीज किया गया।
अपराध नियंत्रण के लिए आगे भी जारी रहेगा सघन अभियान
देहरादून पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि देर रात होने वाली आपराधिक वारदातों, अवैध गतिविधियों और हुड़दंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में ऐसे औचक सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।