पहाड़ों पर दिन में चुभती धूप, रात ढलते ही सिहरन: उत्तराखंड में शुरू हुआ मौसम का अजीब खेल, जानें 7 दिनों का पूरा हाल

पहाड़ों पर दिन में चुभती धूप, रात ढलते ही सिहरन: उत्तराखंड में शुरू हुआ मौसम का अजीब खेल, जानें 7 दिनों का पूरा हाल

उत्तराखंड की वादियों और मैदानी इलाकों में इन दिनों मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। दोपहर में जहां चटख धूप पसीने छुड़ा रही है, वहीं सुबह और रात ढलते ही गुलाबी ठंड सिहरन पैदा कर रही है। देहरादून में दिन और रात के पारे में करीब 15 डिग्री सेल्सियस का बड़ा फासला दर्ज किया गया है। त्योहारी सीजन के बीच तापमान का यह भारी अंतर लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है, जिसे लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, प्रदेश भर में आगामी एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ या वर्षा के आसार नहीं हैं। ऐसे शुष्क मौसम में दोपहर की तेज धूप और भोर-रात की सर्द हवाएं सीधे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता पर असर डालती हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पहाड़ों की रातें तेजी से ठंडी हो रही हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में दिन के वक्त गर्मी का अहसास अभी बरकरार है।

पहाड़ों से सटे धर्मनगरी हरिद्वार में भी अक्टूबर का असर साफ दिखने लगा है। सुबह-शाम ठंडी बयार चलने से गंगा घाटों और खुले इलाकों में सर्दी की दस्तक तेज हो गई है। भोर के समय काम पर निकलने वाले कामगारों और श्रद्धालुओं को अब गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। दिन में पारा सामान्य रहने और सूरज ढलते ही तेजी से लुढ़कने के कारण मौसमी फ्लू का खतरा बढ़ गया है।

तापमान के इस उतार-चढ़ाव पर कोरोनेशन अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार का कहना है कि दोपहर की धूप में निकलने पर जब शरीर पसीने से भीग जाता है और उसके तुरंत बाद ठंडी हवा या एसी-पंखा लगता है, तो वायरल संक्रमण और जकड़न का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या सांस के पुराने मरीजों के लिए यह समय सबसे नाजुक होता है। उन्होंने सुझाव दिया कि पसीने वाले कपड़े तुरंत बदलें, फ्रिज का ठंडा पानी या ठंडे पेय पूरी तरह बंद करें, गुनगुने पानी का सेवन बढ़ाएं और बाहर निकलते समय लेयर वाले हल्के ऊनी कपड़े जरूर साथ रखें।