उत्तराखंड में बारिश का रौद्र रूप; 11 की मौत, 2 लापता; मासूमों पर टूटा कुदरत का कहर
उत्तराखंड में सितंबर की शुरुआत भारी तबाही और आंसुओं के साथ हुई है। गढ़वाल से लेकर कुमाऊं मंडल तक बादल जमकर बरस रहे हैं, जिससे नदियां, नाले और बरसाती रपटे विकराल रूप ले चुके हैं।
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में वर्षाजनित हादसों के चलते तीन मासूम बच्चों समेत 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि एक महिला सहित दो लोग अब भी लापता हैं। देहरादून से लेकर पौड़ी और कोटद्वार तक उफनते पानी के तेज बहाव ने कई परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं।
देहरादून में उफनते रपटे में बही दो कारें, राजस्थान के दो छात्रों ने गंवाई जान
देहरादून के प्रेमनगर इलाके के पास सोमवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा हुआ। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल के मुताबिक दो कारों में सवार होकर पांच छात्र-छात्राएं पौंधा-कंडोली मार्ग से गुजर रहे थे। अंधेरा होने की वजह से कार सवार बरसाती रपटे पर पानी की प्रचंड गति और गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाए। पानी के भीषण वेग में दोनों कारें बेकाबू होकर पलटते हुए बह गईं।
मौके पर पहुंची राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीन युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन दो छात्रों की डूबने से जान चली गई। मृतकों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित पीलीबंगा निवासी कनन सचदेवा (19) और जयपुर के किशनपुर निवासी अक्षय (21) के रूप में हुई है। कनन गंगानगर से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थीं, जबकि अक्षय बिधौली स्थित यूपीईएस संस्थान से बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था।
मासूमों पर बरपा कुदरत का कहर, वैज्ञानिक का 12 वर्षीय बेटा मिला मृत
राजधानी में बारिश का कहर यहीं नहीं थमा। भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. गोपी जीवी के 12 वर्षीय बेटे सम्राट का शव मंगलवार को बड़ोवाला पुल के समीप आसन नदी के किनारे बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि बालक घर के पास बह रहे बरसाती नाले की चपेट में आ गया था। वहीं दूसरी तरफ, बालावाला के गूलरघाटी रोड से 10 वर्षीय दिव्यांग बालक केपी के पानी के तेज बहाव में बह जाने की सूचना है, जिसकी तलाश के लिए राहत टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
कोटद्वार में कोल्हू नदी में बही बाइक, मां-मासूम बेटी की दर्दनाक मौत
कोटद्वार के सिगड्डी क्षेत्र से भी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिजनौर के कोटकादार निवासी सद्दाम (35), जो सिगड्डी क्षेत्र में रहकर दूध का काम करता था, मंगलवार को अपनी पत्नी जेनम (23) और एक साल की मासूम बेटी आफिया के साथ बाइक से लौट रहा था।
कोल्हू नदी को पार करते समय पानी का तेज रेला पूरी बाइक को बहा ले गया। सद्दाम किसी तरह तैरकर किनारे आ गया और अपनी जान बचा ली, लेकिन उसकी पत्नी और एक साल की बच्ची तेज लहरों में समा गईं, जिससे दोनों की मौत हो गई। उधर पैठाणी क्षेत्र में पश्चिमी नयार नदी पार करते समय नागधार तोक निवासी आशा देवी (33) बह गईं, जिनकी खोजबीन के लिए एसडीआरएफ, पैठाणी, पाबौ और सतपुली थानों का संयुक्त बल अभियान चला रहा है।