"मुझे सिर्फ वही चाहिए!"- पति को छोड़ प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी महिला, कोर्ट में हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
दिनभर पसीना बहाकर परिवार का पेट पालने वाले पति के भरोसे को उस वक्त गहरा धक्का लगा, जब घर की चारदीवारी के भीतर चल रहे गुप्त प्रेम संबंध खुलकर सामने आ गए। मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव में एक शादीशुदा महिला ने अपने पति के साथ दांपत्य जीवन जारी रखने से साफ इनकार कर दिया है और वह गांव के ही एक अन्य युवक से निकाह करने की जिद पर अड़ गई है। दोनों के बीच पिछले तीन साल से प्रेम प्रसंग चलने की बात सामने आ रही है।
इस गुप्त रिश्ते की भनक जब पति को लगी, तो घर में भारी कलह शुरू हो गई। ससुराल और मायके पक्ष के बुजुर्गों ने रिश्ते को बचाने और महिला को समझाने की कई कोशिशें कीं, मगर उसने किसी की एक न सुनी। विवाद इस कदर बढ़ा कि बात सीधे तलाक तक आ पहुंची। महिला ने कानूनी तौर पर अलग होने के लिए तलाक के दस्तावेज तैयार करा लिए, लेकिन पति ने अपने रिश्ते को बचाने की आस में उन कागजातों पर दस्तखत करने से साफ मना कर दिया।
मां और कथित प्रेमी को साथ लेकर सीधे कोर्ट पहुंच गई विवाहिता
मामले में सनसनीखेज मोड़ तब देखने को मिला जब महिला अपनी मां और कथित प्रेमी को साथ लेकर सीधे कोर्ट पहुंच गई। हालांकि, पति के कानूनी दस्तखत न होने के चलते कोर्ट से तलाक की औपचारिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और तीनों को मायूस होकर बैरंग लौटना पड़ा। कोर्ट से वापस आने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और ज्यादा उग्र हो गया, जिसके बाद यह पूरा घरेलू झगड़ा सुल्तानपुर पुलिस चौकी की चौखट तक जा पहुंचा।
शुरुआत में अपनी बेटी को समझाने आई मां भी आखिरकार बेटी के अडियल रवैये के आगे झुक गई और उसने भी बेटी के इस फैसले का समर्थन करना शुरू कर दिया, जिससे पारिवारिक कलह और उलझ गई। चौकी पहुंची विवाहिता ने अपने पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करा दी। पुलिसकर्मियों ने चौकी में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर सुलह-समझौते का लंबा प्रयास किया, मगर महिला एक ही बात दोहराती रही कि वह हर हाल में प्रेमी के साथ ही नई जिंदगी शुरू करेगी। घंटों की गहमागहमी के बाद वह अपनी मां के साथ वहां से लौट गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला कानूनी तौर पर बालिग है और अपनी मर्जी से फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है, कानूनन किसी पर जबरन साथ रहने का दबाव नहीं बनाया जा सकता। फिलहाल महिला अपने आवास पर मौजूद है और मामले पर स्थानीय स्तर पर नजर रखी जा रही है।