ट्रेड डील की घोषणा से पहले डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला; चार भारतीय कंपनियों को फायदा होगा, लिस्ट देखें
US India trade deal updates: टैरिफ विवाद और व्यापारिक तनातनी के बीच डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत-अमेरिका संबंधों को एक नई दिशा में ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों महाशक्तियों के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील (Trade Deal) के लिए बातचीत अब अपने आखिरी दौर में पहुंच चुकी है। इसी बीच, ट्रंप प्रशासन ने एक चौंकाने वाला और बेहद अहम फैसला लेते हुए चार प्रमुख भारतीय कंपनियों पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को पूरी तरह से हटा दिया है। रणनीतिक विशेषज्ञ इसे दोनों देशों के रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की एक बड़ी कूटनीतिक कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
हैदराबाद से दिल्ली तक इन 4 कंपनियों को मिली बड़ी राहत
अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट (US Treasury Department) ने जिन चार भारतीय कंपनियों को क्लीन चिट दी है, वे देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़ी हैं। इनमें हैदराबाद की प्रमुख कंपनी 'आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड' (RRG Engineering Technologies Pvt Ltd) और 'लोकेश मशीन्स लिमिटेड' (Lokesh Machines Limited) शामिल हैं। इसके साथ ही गुजरात के अहमदाबाद की 'गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड' (Galaxy Bearings Limited) और देश की राजधानी दिल्ली की 'शौर्य एयरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड' (Shaurya Aeronautics Pvt Ltd) को भी इस पाबंदी से परमानेंट आजादी मिल गई है।
क्या है अमेरिकी SDN लिस्ट और क्यों फ्रीज हुई थी संपत्ति?
अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने इन चारों कंपनियों को अपनी 'स्पेशली डेजिग्नेटेड नेशनल्स' (SDN List) सूची से पूरी तरह बाहर कर दिया है। आपको बता दें कि इस लिस्ट में शामिल होने का मतलब किसी भी कंपनी के लिए बेहद खतरनाक होता है। नियम के मुताबिक, SDN सूची में आने वाली संस्थाओं या व्यक्तियों की अमेरिकी अधिकार क्षेत्र (US Jurisdiction) में मौजूद सभी संपत्तियों को तुरंत फ्रीज कर दिया जाता है और उनके साथ किसी भी तरह के अमेरिकी व्यापार पर पूरी तरह रोक लग जाती है। अब प्रतिबंध हटने के बाद ये कंपनियां वैश्विक स्तर पर दोबारा खुलकर बिजनेस कर सकेंगी।