हवा में दहशत के 30 मिनट! को-पायलट ने किया भारतीय कैप्टन पर चाकू से वार, क्रैश होते-होते ऐसे बचा विमान

हवा में दहशत के 30 मिनट! को-पायलट ने किया भारतीय कैप्टन पर चाकू से वार, क्रैश होते-होते ऐसे बचा विमान

आसमान में 30 हजार फीट की ऊंचाई पर अगर कोई को-पायलट ही अपने विमान को क्रैश करने की खौफनाक कोशिश करे, तो यात्रियों पर क्या गुजरेगी? फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के अंदर से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से इजरायल जा रही इस फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ओमान के एक को-पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की नीयत से भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हालांकि, अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने देवदूत बनकर जो फुर्ती दिखाई, उसने विमान में सवार 174 लोगों को मौत के मुंह में जाने से बचा लिया।

कॉकपिट में मची चीख-पुकार, मदद के लिए दौड़े यात्री

इजरायल के चैनल 12 द्वारा प्रसारित इस घटना के नए वायरल फुटेज में विमान के अंदर का अफरा-तफरी भरा मंजर साफ देखा जा सकता है। कॉकपिट के पास बैठी सवारियों के मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में लोग खौफ के मारे अंग्रेजी और हिब्रू भाषा में चिल्लाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में एक यात्री खौफजदा होकर चीख रहा है कि को-पायलट विमान को क्रैश करने की कोशिश कर रहा है। हालात बेकाबू होते देख क्रू मेंबर्स ने तुरंत लोगों को अपनी सीट पर बैठने की हिदायत दी और मेडिकल इमरजेंसी की घोषणा करते हुए डॉक्टर की तलाश शुरू की। इसके बाद इजरायली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव मदद के लिए आगे आते दिखे।

खून से लथपथ कैप्टन मछार ने दिखाई गजब की सूझबूझ

वीडियो का सबसे भयावह हिस्सा वह है जब कैप्टन स्मित मछार कॉकपिट के बाहर फर्श पर खून से लथपथ बैठे नजर आते हैं। इतने खतरनाक हमले और बुरी तरह जख्मी होने के बावजूद, कैप्टन मछार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था। उनके इसी एक कदम ने यात्रियों और क्रू को अंदर घुसकर हमलावर को काबू करने का अहम मौका दे दिया। वीडियो में कैप्टन मछार अपनी चोटों का जिक्र करते हुए बता रहे हैं कि को-पायलट ने उन पर लगातार कई वार किए, जिससे उनका हाथ इतना जख्मी हो गया कि वह उसे बंद भी नहीं कर पा रहे थे।

हमलावर को बंधक बनाया, सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग

यात्रियों ने बिना देरी किए हमलावर को-पायलट को दबोच लिया और उसके हाथ पीठ के पीछे बांध दिए। तनाव से भरे इस माहौल में एक फ्लाईदुबई क्रू मेंबर को यह कहते सुना जा सकता है कि यह एक आतंकी है और इसे बिना पुलिस के नहीं छोड़ा जाएगा। इसके तुरंत बाद विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जहां मेडिकल टीम ने कैप्टन मछार का प्राथमिक इलाज किया।