पाकिस्तान में बड़ा खूनी खेल; पुलिस काफिले पर अंधाधुंध बरसाईं गोलियां, DSP समेत 10 जवानों की मौके पर मौत
अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों ने पुलिस के एक बड़े काफिले को निशाना बनाकर भीषण आतंकी हमले को अंजाम दिया। अवैध सोने के खनन माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही पुलिस टुकड़ी पर घात लगाकर की गई इस गोलीबारी में एक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और एक सब-इंस्पेक्टर समेत कम से कम 10 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जेब के अनुसार, कोहाट जिले के गुम्बत इलाके से निकली यह विशेष पुलिस टीम एक बड़े गुप्त ऑपरेशन पर रवाना हुई थी। जैसे ही टीम कोहाट और करक जिलों की सीमा पर स्थित दरबोकाच जालंधर बांदा क्षेत्र से गुजरी, पहाड़ियों पर पहले से मोर्चेबंदी किए बैठे आतंकियों ने भारी हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में पुलिस संभल नहीं सकी और देखते ही देखते इलाका भीषण मुठभेड़ के अखाड़े में तब्दील हो गया।
आतंकियों ने हमले के दौरान पुलिस के पांच मोबाइल वाहनों में आग लगा दी। इस हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों में डीएसपी गुम्बत हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार की पहचान हुई है। घटनास्थल पर गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच पुलिसकर्मियों ने जवाबी मोर्चा संभाला, जिसके तुरंत बाद मुख्यालय से बैकअप टीम और भारी सुरक्षा बल मौके पर भेजा गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने इस रक्तपात की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे आपराधिक तत्वों और आतंकियों की सुनियोजित साठगांठ करार दिया। गवर्नर ने जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की शहादत पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और साफ किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।