कुदरत का कहर: पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में मूसलाधार बारिश से तबाही, 23 लोगों की मौत
पड़ोसी देश पाकिस्तान के दो बड़े प्रांतों—पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही बारिश से हालात पूरी तरह बेकाबू हो चुके हैं।
कई इलाकों में दर्जनों मकान ढह गए हैं और नदियों-नालों के उफान पर आने से जलप्रलय जैसी स्थिति बन गई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कई इलाकों में जलभराव के चलते घरों की दीवारों में बिजली का करंट दौड़ने से लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
पंजाब में 9 की मौत, 14 घायल: लाहौर और गुजरांवाला में मकानों की छतें गिरीं
'दुनिया न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अकेले पंजाब प्रांत में 9 लोगों की जान चली गई है। लाहौर के पास रायविंड स्थित कोट बाबू खान इलाके में एक घर की छत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
- लाहौर व गुजरांवाला: लाहौर के गुलशन रवि में छत गिरने से 4 लोग घायल हुए, जबकि गुजरांवाला में अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत और 14 लोग घायल हो गए।
- पाकपट्टन, होटा व गुजरात: पाकपट्टन के गांव 75-डी में एक महिला, होटा में एक युवक और गुजरात में एक व्यक्ति की जान चली गई।
- करंट लगने से हादसे: बारिश के बीच बिजली का करंट लगने की तीन अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग झुलस गए।
- साहीवाल व मंडी बहाउद्दीन: साहीवाल में छत गिरने से एक महिला की मौत हुई, वहीं मंडी बहाउद्दीन में दीवार और छत ढहने से 8 लोग घायल हो गए।
फैसलाबाद से पिंडी भटियां तक डूबे शहर, 24 जुलाई तक बारिश का अलर्ट
पंजाब प्रांत के कई प्रमुख शहरों में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। पिंडी भटियां में भारी बारिश के कारण मुख्य सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जबकि फैसलाबाद, भलवाल और झांग के निचले इलाके पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। पीडीएमए (PDMA) ने पंजाब प्रांत में 24 जुलाई तक रुक-रुक कर भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी जारी की है।