बहुमत गंवाते ही संसद में दहाड़े नेतन्याहू! विपक्षी सांसदों ने घेरा, अरब दलों पर लगाया देश मिटाने का आरोप
इजराइल की नवगठित संसद (नेसेट) में कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संबोधन के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। चुनाव में बहुमत गंवाने के बाद पहली बार संसद को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने सभी मतभेदों को दरकिनार कर 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनाने का आह्वान किया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अरब राजनीतिक दलों पर इजराइल के अस्तित्व को खत्म करने की साजिश रचने और आतंकवाद का समर्थन करने का कड़ा आरोप लगाया। नेतन्याहू ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को सीधी चेतावनी दी कि वे किसी भी सूरत में सरकार बनाने के लिए अरब सांसदों के समर्थन पर निर्भर न रहें। उनके इस बयान पर अरब दलों ने तीखा पलटवार करते हुए नेतन्याहू को नस्लवादी करार दिया है।
द टाइम्स ऑफ इजराइल और द यरुशलम पोस्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग द्वारा नई सरकार बनाने का जनादेश पाने वाले 'यशार' पार्टी के प्रमुख गादी आइसेनकोट ने इस संबोधन की कड़ी आलोचना की। आइसेनकोट ने कहा कि नेतन्याहू का यह भाषण साबित करता है कि वे प्रधानमंत्री पद पर बने रहने की योग्यता खो चुके हैं। भाषण के दौरान विपक्षी सांसदों ने कई बार व्यवधान डालते हुए नेतन्याहू के करीबियों के कतर से कथित संपर्कों और 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमलों की स्वतंत्र जांच के लिए आयोग न बनाए जाने को लेकर कड़े सवाल दागे।
अपने संबोधन में नेतन्याहू ने ईरान से मिल रही चुनौतियों पर खास जोर दिया। उन्होंने दावा किया कि दो युद्धों के बावजूद ईरान का खतरा पूरी तरह टला नहीं है और तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से जिंदा करने में जुटा है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने कहा कि इस स्थायी खतरे से निपटने का एकमात्र रास्ता अयातुल्ला शासन को सत्ता से उखाड़ फेंकना है। उन्होंने दावा किया कि बीते महीनों के युद्ध अभियानों ने पूरे पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) का नक्शा बदल दिया है, इसलिए देश की सुरक्षा के लिए सभी दलों को एकजुट होकर एक मंच पर आना चाहिए।
इसी गहमागहमी के बीच रा'अम (Ra'am) पार्टी के प्रमुख मंसूर अब्बास ने इजराइली टीवी चैनल एन-12 को दिए साक्षात्कार में बड़ा खुलासा कर हलचल मचा दी। अब्बास ने दावा किया कि वर्ष 2021 के 'ऑपरेशन गार्जियन ऑफ द वॉल्स' के दौरान यरुशलम स्थित बालफोर स्ट्रीट आवास पर हुई गोपनीय बैठक में नेतन्याहू ने उनसे कहा था कि वे हमास के तत्कालीन शीर्ष नेता याह्या सिनवार पर भरोसा करते हैं और दोनों एक-दूसरे की सोच को बखूबी समझते हैं। अब्बास के अनुसार, उस मुलाकात में नेतन्याहू ने सिनवार की ओर से आए एक संदेश और पत्र का भी जिक्र किया था, जिसमें "सोचा-समझा जोखिम" (कैलकुलेटेड रिस्क) जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इस नए खुलासे ने सत्ता हस्तांतरण के दौर में इजराइली राजनीति में भूचाल ला दिया है।