नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित 620 मेगावाट की बिजली परियोजनाएं तत्काल शुरू नहीं होंगी

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित 620 मेगावाट की बिजली परियोजनाएं तत्काल शुरू नहीं होंगी

नेपाल में हाल में आई दो बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं से प्रभावित 620 मेगावाट क्षमता की 19 बिजली परियोजनाएं तत्काल संचालन में नहीं आ पाएंगी। भोटेकोशी में आई बाढ़ और पिछले हफ्ते भर हुई भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से कुल 1,292 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ था। इनमें 620 मेगावाट क्षमता की 19 परियोजनाओं को तत्काल फिर से शुरू करना संभव नहीं दिख रहा है।

नेपाल विद्युत प्राधिकरण के अनुसार 26 अगस्त को आई बाढ़ से प्रभावित 430.8 मेगावाट क्षमता की 12 परियोजनाएं भी तत्काल संचालन में नहीं आ पाएंगी। इनमें 111 मेगावाट की रसुवागढ़ी, 78 मेगावाट की सान्जेन, 60 मेगावाट की अपर त्रिशूली-3ए, 42.5 मेगावाट की लोअर सान्जेन, 24 मेगावाट की त्रिशूली और 25 मेगावाट की एनईए सोलर परियोजना शामिल हैं। इसी तरह 22.1 मेगावाट की चिलिमे, 20 मेगावाट की लांगटांग, 14.8 मेगावाट की अपर सान्जेन, 14.3 मेगावाट की अपर मैलुंग, 14.1 मेगावाट की देवीघाट और 5 मेगावाट की मैलुंग खोला जलविद्युत परियोजना भी प्रभावित हुई हैं।

इनमें अधिकांश परियोजनाएं बाढ़ से प्रभावित हुई हैं। बाढ़ के कारण इनके पावरहाउस, बांध और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचा है। विद्युत प्राधिकरण के अनुसार, इन सभी परियोजनाओं का पुनर्निर्माण करना पड़ेगा।

इसी तरह 16-20 सितंबर तक लगातार हुई बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन से 220 केवी कालीगंडकी कॉरिडोर के कुश्मा–दाना खंड को नुकसान पहुंचा है। इसके कारण 190 मेगावाट क्षमता की सात परियोजनाओं का बिजली उत्पादन रुक गया है। बाढ़ से इस ट्रांसमिशन लाइन के तीन टावर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते कुश्मा से ऊपर के क्षेत्र में स्थित बिजली परियोजनाओं की बिजली राष्ट्रीय प्रसारण लाइन में नहीं जोड़ी जा पा रही है।

इन परियोजनाओं में नीलगिरि-1 (38 मेगावाट), नीलगिरि-2 (71 मेगावाट), मिस्त्री (42 मेगावाट), थापाखोला (13.6 मेगावाट), घारखोला (14.8 मेगावाट), रेलेखोला (6 मेगावाट) और घलेम्दी (5 मेगावाट) शामिल हैं। प्रसारण संरचना की मरम्मत के बाद इन परियोजनाओं से बिजली आपूर्ति फिर शुरू होने में कुछ समय लगने का अनुमान है।

कुछ अन्य परियोजनाओं में संभावित नुकसान को रोकने के लिए उत्पादन अस्थायी रूप से बंद किया गया था। बाढ़ के दौरान बंद की गई 144 मेगावाट क्षमता वाली कालीगंडकी और मर्स्यांग्दी कॉरिडोर की परियोजनाओं समेत अन्य संयंत्रों में उत्पादन फिर शुरू हो चुका है।

40 मेगावाट की राहुघाट जलविद्युत परियोजना को हालांकि दोबारा संचालन में आने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। करीब एक सप्ताह पहले ही परीक्षण उत्पादन शुरू करने वाली राहुघाट परियोजना के टेलरेस गेट और डक्ट में क्षति हुई है, जबकि टर्बाइन फ्लोर में पानी भर गया है। पानी निकालकर सफाई करने और परियोजना को फिर से शुरू करने में करीब 10 दिन लगने का अनुमान है। परियोजना का स्विचयार्ड सामान्य स्थिति में है और उसे चार्ज कर दिया गया है।